चित्तौड़ दुर्ग पर अवैध निर्माण के विरुद्ध हो एफआईआर, ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी हो

WhatsApp Channel Join Now
चित्तौड़ दुर्ग पर अवैध निर्माण के विरुद्ध हो एफआईआर, ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी हो


चित्तौड़गढ़, 09 जून (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध चित्तौड़ दुर्ग पर आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, साफ-सफाई, यातायात सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने मंगलवार को भारतीय पर्यटन एवं पुरातत्व विभाग सहित नगर परिषद और यूआईटी के अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने दुर्ग पर अतिक्रमण को लेकर ध्वस्तीकरण और प्रकरण दर्ज कराने के भी निर्देश दिए हैं।

बैठक में हिल फोर्ट के अंतर्गत दुर्ग क्षेत्र में विकसित की जाने वाली विभिन्न सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। जिला कलेक्टर ने पर्यटकों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, विद्युत साज-सज्जा एवं यातायात प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने दुर्ग क्षेत्र में हुए अवैध निर्माणों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने तथा अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस संबंध में समस्त अवैध निर्माणों की सूची तैयार कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में दुर्ग क्षेत्र की समग्र व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (भूअ) रामचंद्र खटीक, उपखंड अधिकारी चित्तौड़गढ़ बीनू देवल, नगर परिषद आयुक्त रविंद्र यादव सहित पर्यटन एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

Share this story