कांग्रेस ओबीसी विभाग की बैठक में एकजुटता पर दिया जोर
जोधपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के चेयरमैन हरसहाय यादव के निर्देशानुसार जोधपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग की बैठक कांग्रेस कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों, ओबीसी वर्ग के राजनीतिक प्रतिनिधित्व और संगठनात्मक मजबूती सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष नरेंद्र शर्मा ने कहा कि हाल ही में ओबीसी राजनीतिक प्रतिनिधित्व आयोग ने सर्वे रिपोर्ट राजस्थान सरकार को सौंपी है। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग ढाई वर्ष में जो कार्य नहीं कर सका, वह सर्वे कार्य महज 13 दिनों में पूरा किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार लंबे समय से सर्वे रिपोर्ट का हवाला देकर चुनाव प्रक्रिया में देरी करती रही। शर्मा ने कहा कि आयोग की रिपोर्ट आने से पहले ही ओबीसी को 21 प्रतिशत आरक्षण देने की बात कही गई, जबकि पहले भी 21 प्रतिशत आरक्षण था। ऐसे में सर्वे के नाम पर करोड़ों रुपए और समय खर्च किए जाने पर उन्होंने सवाल उठाया। उन्होंने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव को देखते हुए एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
ओबीसी संभाग अध्यक्ष मोती बाबा फुले ने ओबीसी जनगणना की मांग का श्रेय राहुल गांधी के संघर्ष को देते हुए कहा कि सडक़ से संसद तक किए गए संघर्ष का परिणाम है कि केंद्र सरकार को इस मुद्दे पर कदम उठाने पड़े। उन्होंने ओबीसी वर्ग में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया और कांग्रेस को ओबीसी हितों के लिए काम करने वाली पार्टी बताया। पूर्व मंत्री रमेश बोराणा ने ओबीसी समाज से जागरूक होकर एकजुट होने का आह्वान किया। बैठक में मदन लाल कुमावत, सूरसागर विधानसभा प्रत्याशी इंजीनियर शहजाद अयूब खान, जगदीश सांखला, दिलीप परिहार, एन.के. दायमा, लियाकत अली, गोविंद चौधरी, राधेश्याम सोलंकी, योगेश गहलोत, छोटूराम गुर्जर, दिव्या गहलोत एवं भगवती पंवार सहित अनेक पदाधिकारियों ने अपने सुझाव रखे। इस अवसर पर रामनिवास कुमावत, मुकेश गहलोत, मोहनराम सांखला, दिनेश भाटी, रवींद्र गहलोत, मोहित गहलोत, मुकेश जांगिड़, हेमंत शर्मा, डॉ. अनीता परिहार, कुसुम दईया, रेखा वर्मा, अजीमुद्दीन चौहान, रुद्रजीत, धनराज सांखला, मोतीलाल राखेचासहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

