बीकानेर देहात की छह नगरपालिकाओं की 190 सीटों पर भाजपा का मंथन
बीकानेर, 28 अगस्त (हि.स.)। आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी द्वारा जयपुर स्थित प्रदेश कार्यालय में बीकानेर देहात जिले की नोखा, लूणकरणसर, श्रीडूंगरगढ़, नापासर, देशनोक एवं खाजूवाला नगरपालिकाओं की कुल 190 सीटों पर विस्तृत मंथन किया गया। बैठक में सभी संभावित प्रत्याशियों के नामों पर गंभीरता से चर्चा कर संगठन एवं जनप्रतिनिधियों की राय ली गई।
भाजपा बीकानेर देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने बताया कि बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी, प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार, प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, संभाग प्रभारी डॉ. मिथिलेश गौतम, पर्यवेक्षक राजेंद्र गहलोत, चुनाव प्रभारी मुकेश दाधीच, जसवंत सिंह विश्नोई तथा जिला प्रभारी आत्माराम तरड़ की उपस्थिति में बैठक आयोजित हुई। बैठक में संबंधित क्षेत्रों के विधायकों की उपस्थिति में सभी वार्डों एवं सीटों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। संगठन की भावना, स्थानीय परिस्थितियों, जनस्वीकार्यता एवं चुनावी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जिताऊ और टिकाऊ प्रत्याशियों के चयन पर व्यापक चर्चा हुई तथा सभी नामों पर सर्वसम्मति से सहमति बनी।
पंचारिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संगठन की कार्यपद्धति के अनुरूप विचार-विमर्श एवं सहमति के आधार पर प्रत्याशियों का चयन करती है। पार्टी आगामी निकाय चुनावों में मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी और सभी छह नगरपालिकाओं में भाजपा का परचम लहराने के लिए कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुटे हुए हैं।
जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी ने बताया प्रदेश नेतृत्व द्वारा अंतिम स्वीकृति के बाद भाजपा प्रत्याशियों की सूची शीघ्र जारी की जाएगी। इससे कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और सभी चुनावी तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

