जनजाति क्षेत्रों को मिलेगी स्वास्थ्य सेवाओं में प्राथमिकता- चिकित्सा मंत्री खींवसर

WhatsApp Channel Join Now
जनजाति क्षेत्रों को मिलेगी स्वास्थ्य सेवाओं में प्राथमिकता- चिकित्सा मंत्री खींवसर


जनजाति क्षेत्रों को मिलेगी स्वास्थ्य सेवाओं में प्राथमिकता- चिकित्सा मंत्री खींवसर


जनजाति क्षेत्रों को मिलेगी स्वास्थ्य सेवाओं में प्राथमिकता- चिकित्सा मंत्री खींवसर


डूंगरपुर, 28 मार्च (हि.स.)। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने शनिवार को डूंगरपुर जिला अस्पताल का दौरा कर निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर विंग का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने इस विंग को जिले के लिए एक बड़ी सौगात बताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि इसका निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि आमजन को आधुनिक चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अब तक हुए कार्यों की समीक्षा की और आवश्यक चिकित्सा उपकरणों के टेंडर व वर्क ऑर्डर की प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी ली।

अस्पताल में मरीजों के भारी दबाव को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने ओपीडी सेवाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि डूंगरपुर में ओपीडी का स्तर काफी ऊंचा है, जिसे देखते हुए जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को नए ओपीडी भवन का प्रस्ताव बनाकर भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इस नए प्रोजेक्ट में मरीजों की सुविधा के साथ-साथ पार्किंग की बेहतर व्यवस्था का भी ध्यान रखा जाएगा। खींवसर ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार का लक्ष्य डूंगरपुर को स्वास्थ्य सेवाओं के मामले में प्रदेश में अग्रणी जिला बनाना है।

मीडिया से रूबरू होते हुए चिकित्सा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि चिकित्सा क्षेत्र में 50 हजार से अधिक भर्तियों की प्रक्रिया शुरू की गई थी, जिनमें से लगभग 30 हजार नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। विशेषकर जनजाति क्षेत्रों में सर्वाधिक चिकित्सकों और नर्सिंग कर्मियों की नियुक्तियां की गई हैं ताकि दूरस्थ अंचलों में स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ हो सकें। उन्होंने आश्वस्त किया कि उच्च शिक्षा के लिए जाने वाले चिकित्सकों के कारण रिक्त होने वाले पदों को भी आगामी भर्तियों में प्राथमिकता से भरा जाएगा।

दौरे के दौरान मंत्री ने अस्पताल परिसर में संचालित फूड कॉर्नर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों को कम दरों पर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने की इस पहल की सराहना की और वहां भोजन कर रहे लोगों से बातचीत कर फीडबैक लिया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह, अस्पताल अधीक्षक डॉ. महेंद्र डामोर, सीएमएचओ डॉ. अलंकार गुप्ता सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इससे पूर्व अस्पताल पहुंचने पर जिला प्रशासन और चिकित्सा विभाग के अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मंत्री का स्वागत किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story