स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंची, स्क्रीनिंग की

WhatsApp Channel Join Now
स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंची, स्क्रीनिंग की


जोधपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। मानसून के दौरान मच्छरजनित एवं मौसमी बीमारियों की रोकथाम को लेकर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से सूरसागर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। सीएमएचओ डॉ. सुरेन्द्र सिंह शेखावत के निर्देशन में उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेन्द्र कच्छावा 10 स्वास्थ्य टीमों के साथ स्वयं फील्ड में पहुंचे और अपनी देखरेख में अभियान की सभी गतिविधियां करवाते हुए उनका निरीक्षण किया।

अभियान के दौरान मलेरिया इंस्पेक्टर ललित कुमार एवं उनकी पूरी टीम, साथ ही यूसीएचसी फिदूसर की समस्त एएनएम एवं आशा सहयोगिनियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। टीमों ने सूरसागर, गेवा एवं आसपास के क्षेत्रों में घर-घर पहुंचकर लोगों की स्क्रीनिंग की तथा मच्छरजनित एवं मौसमी बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में पानी के ठहराव वाले स्थानों की जांच की गई। कूलर, पानी की टंकियों, गमलों, पुराने बर्तनों, टायर एवं अन्य पात्रों में जमा पानी की जांच कर लोगों को नियमित रूप से पानी खाली करने एवं पात्रों की सफाई रखने के लिए जागरूक किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा सोर्स रिडक्शन, एंटी लार्वल एवं एंटी एडल्ट गतिविधियां भी की गईं तथा मच्छरों के संभावित प्रजनन स्थलों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की गई। टीमों ने लोगों को डेंगू, मलेरिया एवं चिकनगुनिया के लक्षणों की जानकारी देते हुए बुखार आने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करवाने की अपील की।

साथ ही मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी के उपयोग एवं पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने की सलाह दी गई। डॉ. महेन्द्र कच्छावा ने फील्ड में स्वास्थ्य टीमों द्वारा किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में बुखार के प्रत्येक मरीज की समय पर स्क्रीनिंग एवं आवश्यक जांच, मच्छर प्रजनन स्थलों की पहचान तथा सोर्स रिडक्शन की गतिविधियां प्रभावी रूप से की जाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story