जोधपुर को चिकित्सा क्षेत्र में मिली कई सौगात
उम्मेद अस्पताल में पीजी हॉस्टल व एमआरआई सेंटर और टीबी हॉस्पिटल में नए ओपीडी भवन व पार्किंग सुविधा का उद्घाटन
जोधपुर, 20 जून (हि.स.)। शहरवासियों को शनिवार को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सौगातें मिलीं। केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत के साथ ही चिकित्सा व स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर की उपस्थिति में विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं एवं अधोसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन एवं लोकार्पण किया गया।
दोनों मंत्रियों ने आज उम्मेद अस्पताल में निर्मित 553 बेड क्षमता वाले पीजी छात्रावास एवं एमआरआई सेंटर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अतिथियों ने पीजी हॉस्टल एवं एमआरआई सेंटर की विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन किया तथा चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में इसकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पीजी हॉस्टल के प्रारम्भ होने से स्नातकोत्तर चिकित्सा विद्यार्थियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी, वहीं अत्याधुनिक एमआरआई सेंटर के संचालन से मरीजों को उन्नत एवं गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधाएं सुलभ हो सकेंगी। इससे अस्पताल में रोग निदान एवं उपचार सेवाओं को और अधिक मजबूती मिलेगी।
उद्घाटन समारोह में उम्मेद अस्पताल के अधीक्षक डॉ. मोहन मकवाना सहित सभी विभागाध्यक्ष व चिकित्सक विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त अस्पताल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ चिकित्सक, रेजिडेंट डॉक्टर एवं अन्य चिकित्सा कार्मिक भी समारोह में सम्मिलित हुए।
इसी कड़ी में केएन चेस्ट अस्पताल में नवीन ओपीडी भवन एवं पार्किंग सुविधा का उद्घाटन भी किया गया। इसके अलावा डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज परिसर में निर्मित पिकलबॉल स्पोर्ट्स कोर्ट का शुभारंभ किया गया। इन नई सुविधाओं के शुरू होने से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी, वहीं चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों एवं रेजिडेंट डॉक्टरों को भी आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

