जैसलमेर एवं फलोदी स्टेशनों पर मीडिया दल का दौरा

WhatsApp Channel Join Now
जैसलमेर एवं फलोदी स्टेशनों पर मीडिया दल का दौरा


जोधपुर, 28 सितम्बर (हि.स.)। मीडिया के पत्रकारों एवं प्रतिनिधियों के विशेष मीडिया दल ने जैसलमेर और फलोदी रेलवे स्टेशनों का दौरा किया।

इस दौरान उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन द्वारा मीडिया दल को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित जैसलमेर एवं फलोदी स्टेशनों पर पुनर्विकास कार्यों और यात्रियों के लिए विकसित की जा रही आधुनिक सुविधाओं से के बारे जानकारी दी। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 140 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित जैसलमेर रेलवे स्टेशन में राजस्थान की विरासत और आधुनिक रेल सुविधाओं का शानदार संगम देखने को मिला। प्रधानमंत्री द्वारा 17 जुलाई 2026 को उद्घाटन किए गए एवं राष्ट्र को समर्पित जैसलमेर स्टेशन को प्रसिद्ध पीले पत्थरों से निर्मित कर स्टेशन भवन को स्वर्णनगरी की पहचान के अनुरूप हेरिटेज स्वरूप दिया गया है। आगामी 50 वर्षों की यात्री जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किए गए जैसलमेर स्टेशन पर प्रतिदिन 35 हजार से अधिक यात्रियों की क्षमता के अनुरूप सुविधाएं तैयार की गई हैं। 8,327 वर्गमीटर क्षेत्र में बने जी+2 मुख्य भवन में आधुनिक यात्री सुविधाओं का विस्तार किया गया है। स्टेशन पर 10 लिफ्ट और 10 एस्केलेटर लगाए गए हैं। प्लेटफॉर्मों के बीच सुगम आवाजाही के लिए छह मीटर चौड़े दो नए फुट ओवरब्रिज बनाए गए हैं, जबकि तीनों प्लेटफॉर्मों पर 10 हजार वर्गमीटर से अधिक क्षेत्र में आधुनिक शेड लगाए गए हैं। एयर कॉनकोर्स में आधुनिक सुविधाओं की पूरी श्रृंखला जैसलमेर स्टेशन का विशाल एयर कॉनकोर्स पुनर्विकास की प्रमुख विशेषताओं में शामिल है। यहां करीब 480 वर्गमीटर का वाणिज्यिक क्षेत्र विकसित किया गया है। यात्रियों के लिए वेटिंग लाउंज, रिटायरिंग रूम, डॉरमेटरी, मल्टी-पर्पज हॉल, कियोस्क और पार्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। दिव्यांग यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए भी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। स्टेशन पर पिट लाइनों और कोचिंग टर्मिनलों के विस्तार से ट्रेनों के प्राइमरी मेंटेनेंस, निरीक्षण एवं तकनीकी कार्यों की क्षमता में वृद्धि हुई है। यह ढांचा भविष्य में रेल सेवाओं के विस्तार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। पर्यटन की दृष्टि से देश-विदेश में पहचान रखने वाले जैसलमेर के इस आधुनिक स्टेशन से पर्यटकों को बेहतर यात्रा अनुभव मिलने के साथ स्थानीय कारोबार और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को भी गति मिल रही हैं।

18.15 करोड़ से फलोदी स्टेशन का हो रहा है कायाकल्प

वहीं, लगभग 18.15 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित किए जा रहे फलोदी रेलवे स्टेशन का भी मीडिया दल ने दौरा किया। स्टेशन के सौंदर्यीकरण और बुनियादी ढांचे के उन्नयन का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है तथा शेष फिनिशिंग कार्य अंतिम चरण में तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। फलोदी स्टेशन के नए भवन में मारवाड़ की पारंपरिक स्थापत्य कला और संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। हेरिटेज लुक में तैयार हो रहा स्टेशन यहां आने वाले यात्रियों और पर्यटकों को मरुधरा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर अलग-अलग प्रवेश एवं निकास द्वार, विशाल सर्कुलेटिंग एरिया और पार्किंग विकसित की जा रही है। प्लेटफॉर्मों के बीच सुरक्षित और सुगम आवागमन के लिए 12 मीटर चौड़ा नया फुट ओवरब्रिज तैयार किया गया है। आधुनिक सीटों से सुसज्जित प्रतीक्षालय, वीआईपी कक्ष और डॉरमेट्री का भी निर्माण किया गया है। स्टेशन पर एलईडी लाइटिंग, आधुनिक कोच डिस्प्ले बोर्ड, डिजिटल सूचना डिस्प्ले बोर्ड और बेहतर यात्री संकेतक लगाए जा रहे हैं। दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष रैंप और दिव्यांग-अनुकूल शौचालय भी विकसित किए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story