राष्ट्रीय शोध प्रतियोगिता ‘नवदिशा-2026’ में एमडीएस विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय शोध प्रतियोगिता ‘नवदिशा-2026’ में एमडीएस विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन




अजमेर,20 नवम्बर(हि.स.)। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर के खाद्य विज्ञान एवं पोषण विभाग के दो स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित शोध प्रतियोगिता ‘नवदिशा-2026’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय को गौरवान्वित किया है। होम साइंस एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता के पश्चिम क्षेत्रीय चरण में दोनों विद्यार्थियों को उनके मौलिक शोध कार्यों के लिए कंसोलेशन प्राइज (सांत्वना पुरस्कार) प्रदान किया गया। साथ ही, उनका चयन नवदिशा की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में सहभागिता के लिए किया गया है। विभागाध्यक्ष प्रो ऋतु माथुर ने बताया कि यह उपलब्धि कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल के कुशल मार्गदर्शन, शोध एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने वाली उनकी दूरदर्शी सोच तथा विश्वविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान के लिए विकसित किए जा रहे सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है।

प्रतियोगिता में विभाग की स्नातकोत्तर छात्रा कनक सांखला ने सौंफ, काला जीरा एवं धनिया के बीजों से प्राप्त माइक्रोग्रीन्स के पोषण संबंधी घटकों के तुलनात्मक अध्ययन पर अपना शोध प्रस्तुत किया। उनके शोध में विभिन्न माइक्रोग्रीन्स की पोषक संरचना का विश्लेषण किया गया। यह शोध प्रो. भारती जैन एवं प्रो. पूनम मोहन के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस शोध को सस्टेनेबल लिविंग एवं क्लाइमेट एक्शन श्रेणी में सराहना प्राप्त हुई।

इसी प्रकार विभाग के स्नातकोत्तर विद्यार्थी नयन जोशी ने अश्वगंधा एवं ब्राह्मी से समृद्ध पारंपरिक भारतीय पेय ठंडाई के एक नवीन प्रीमिक्स के विकास एवं मूल्यांकन पर शोध प्रस्तुत किया। इसमें फाइटोकेमिकल, संवेदी एवं एंटीऑक्सीडेंट गुणों का अध्ययन करते हुए संभावित न्यूरोप्रोटेक्टिव विशेषताओं का आकलन किया गया। यह शोध विभागाध्यक्ष प्रो. रितु माथुर एवं डॉ. पूनम मोहन के निर्देशन में किया गया। इस शोध को हेल्थ, वेलनेस एवं एर्गोनॉमिक्स श्रेणी में कंसोलेशन प्राइज प्राप्त हुआ।

उल्लेखनीय है कि 30 अक्टूबर 2026 को आयोजित नवदिशा-2026 पश्चिम क्षेत्रीय शोध प्रतियोगिता में लगभग 500 शोध प्रविष्टियां सम्मिलित हुई थीं। होम साइंस एसोसिएशन ऑफ इंडिया की इस पहल का उद्देश्य गृह विज्ञान एवं संबद्ध विषयों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, मौलिक शोध, नवाचार, रचनात्मक चिंतन तथा शोध प्रस्तुतीकरण कौशल को प्रोत्साहित करना है।

कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल ने इस उपलब्धि पर विद्यार्थियों एवं उनके शोध निर्देशकों को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों में केवल अकादमिक ज्ञान का विकास करना ही नहीं, बल्कि उन्हें शोध, नवाचार और समाजोपयोगी अनुसंधान के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर उपलब्ध कराना भी है।

इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय के खाद्य विज्ञान एवं पोषण विभाग की शोधपरक अकादमिक गतिविधियों को नई पहचान मिली है। दोनों विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story