मैकडॉनल्ड आउटलेट का लाइसेंस निलंबित: जांच में खाद्य तेल मिला अनसेफ

WhatsApp Channel Join Now
मैकडॉनल्ड आउटलेट का लाइसेंस निलंबित: जांच में खाद्य तेल मिला अनसेफ


जयपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गौरव टावर स्थित मैकडॉनल्ड रेस्टोरेंट का फूड लाइसेंस निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देश पर की गई।

सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि निरीक्षण के दौरान उपयोग में लिए जा रहे खाद्य तेल का टीपीसी (टोटल पोलर कंपाउंड) स्तर निर्धारित मानक 25 से काफी अधिक पाया गया, जो मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। मौके से लिया गया यूज्ड कुकिंग ऑयल का नमूना जांच में ‘अनसेफ’ पाया गया।

प्राथमिक जांच के बाद फर्म को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत सुधार नोटिस जारी किया गया था। हालांकि निर्धारित अवधि के बाद पुनः निरीक्षण में भी आउटलेट पर कई कमियां पाई गईं।

इसके बाद अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह के निर्देश पर जनहित में कड़ी कार्रवाई करते हुए फर्म का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। अब उक्त आउटलेट पर किसी भी प्रकार का खाद्य कारोबार, चाहे ऑफलाइन हो या ऑनलाइन, पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। आदेशों का उल्लंघन करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील चोटवानी, विनोद थारवान और राजेश नागर की टीम शामिल रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story