फील्ड में रहकर जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करें अधिकारी- महापौर

WhatsApp Channel Join Now
फील्ड में रहकर जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करें अधिकारी- महापौर


जयपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। नगर निगम जयपुर महापौर सुनील कोठारी ने मगंलवार को विद्याधर नगर जोन के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वच्छता योद्धाओं के साथ 2 घंटे से भी अधिक समय तक मैराथन बैठक लेकर जोन स्तर के प्रशासकीय ढांचे, राजस्व वृद्धि, सफाई व्यवस्था, सफाई से जुड़े संसाधनों एवं विकास कार्यो पर विस्तृत चर्चा की। महापौर ने बैठक में जोन क्षेत्र में सफाई व्यवस्था सहित विभिन्न नागरिक सुविधाओं एवं नगर निगम से संबंधित कार्यों का बारीकी से समीक्षा कर अधिकारियों से जोनवार फीडबैक लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। बैठक में उपमहापौर सरोज कंवर, अतिरिक्त आयुक्त नरेन्द्र कुमार बंसल, उपायुक्त (स्वास्थ्य) सतर्कता, पशु प्रबंधन सहित संबंधित वार्ड पार्षद मौजूद रहे।

महापौर ने इस अवसर पर कहा कि जयपुर नगर निगम को जनता का नगर निगम बनाया जाए, जनहित को प्राथमिकता दी जाये, आमजन को अनावश्यक चक्कर ना लगाना पड़े इसके लिए शिकायतों का प्रभावी तरीके से निस्तारण किया जाए। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की मासिक बैठक आयोजित हो जिससे समस्याऐं सुलझे और संवाद कायम हो तथा दीपावली तक वार्डवार विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। महापौर ने कहा कि नवाचार के रूप में एक मंच पर अधिकारियों और वार्ड पार्षदों की बैठक आयोजित हो जिससे स्थानीय समस्याओं का निराकरण तत्काल रूप से हो सकेगा। बैठक में स्थानीय पार्षदों ने भी हूपर्स, प्रकाश व्यवस्था, यूडी टैक्स, सीवर लाइन, पषु प्रबंधन, अवैध अतिक्रमण संबंधित समस्याओं को उठाया महापौर ने अन्य सम्बन्धित अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। महापौर एवं उप महापौर सरोज कंवर ने पशु प्रबंन्धन के अधिकारियों को कहा की मगंलवार को मीट मांस की दुकाने खुली ना रहे यह सुनिश्चित किया जाए।

इसके साथ ही महापौर ने 7 से 16 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा सेतु अभियान- के सफल आयोजन एवं आमजन की हितों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जोन स्तर पर व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए तथा फील्ड में सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम की योजनाओं एवं सेवाओं का वास्तविक लाभ आमजन तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story