चित्तौड़गढ़ में जुटेगा जादूगरों का संसार, 26 जनवरी से सजेगा चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय महोत्सव 'मायालोक 2027'

WhatsApp Channel Join Now
चित्तौड़गढ़ में जुटेगा जादूगरों का संसार, 26 जनवरी से सजेगा चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय महोत्सव 'मायालोक 2027'


उदयपुर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। भारत की प्राचीन एवं पारंपरिक जादू कला को विलुप्त होने से बचाने और इसे संगठित रूप देने के उद्देश्य से चित्तौड़गढ़ की ऐतिहासिक धरा पर भव्य अंतरराष्ट्रीय महामंथन का आयोजन होने जा रहा है। आगामी 26 से 29 जनवरी 2027 तक चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय जादू महोत्सव 'मायालोक 2027' का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश-विदेश से 500 से अधिक ख्यातिप्राप्त जादूगर शिरकत करेंगे।

यह महोत्सव भारतीय जादू महासंघ, मैजिशियंस एसोसिएशन राजस्थान और मैजिशियन ग्रेट मायावी चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। इसका शुभारंभ 26 जनवरी 2027 को प्रसिद्ध जादूगर 'जादू कमल' बाबू लक्ष्मण सिंह गहलोत की जयंती के पावन अवसर पर होगा।

उदयपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में मैजिशियंस एसोसिएशन के प्रतिनिधि व वरिष्ठ जादूगर राजेंद्र शर्मा 'जूनियर मायावी' ने जादू कला की वर्तमान स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सरकारी उपेक्षा और प्रोत्साहन के अभाव में यह प्राचीन भारतीय विधा राजस्थान सहित पूरे देश में अपने अस्तित्व का संकट झेल रही है। आज तक न तो जादू कला को ललित कलाओं में सम्मिलित किया गया है और न ही इसके संरक्षण के लिए किसी 'जादू कला बोर्ड' की स्थापना की गई है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में सक्रिय 80 प्रतिशत से अधिक जादूगरों की उम्र 60 वर्ष से ऊपर हो चुकी है। भविष्य की सुरक्षा और सरकारी संबल न मिलने के कारण युवा पीढ़ी इस विधा को आजीविका के रूप में अपनाने से कतरा रही है।

महोत्सव के आयोजकों ने बताया कि 'मायालोक 2027' का मुख्य ध्येय राज्य में 'जादू कला अकादमी' व 'जादू कला बोर्ड' की स्थापना करवाना, जादूगरों के लिए 'कल्याण कोष' का गठन करना और इस विधा को ललित कला का विधिवत दर्जा दिलाना है। इसके साथ ही, जादू प्रदर्शनों को जीएसटी काउंसिल के दायरे से बाहर रख कर पूरी तरह कर-मुक्त करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई जाएगी। इस संबंध में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से भी चर्चा की गई है, जिन्होंने इस दिशा में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।

महोत्सव की आधिकारिक तैयारियों का श्रीगणेश उदयपुर में दिवंगत जादूगर एवं 'कला श्रृंखला' पत्रिका के संस्थापक स्व. लालदास पर्जन्य वैष्णव की जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन किया गया।

समारोह में स्व. पर्जन्य की धर्मपत्नी रुक्मिणी देवी, जादूगर ऋषि पर्जन्य, एम. लाल, रॉकी, आजाद, देव पटेल, देवी शंकर शर्मा, धीमंत एच. मसरानी और तृप्ति पर्जन्य सहित कई वरिष्ठ जादूगर उपस्थित रहे। विमोचन के दौरान जादूगरों ने मनमोहक करतब दिखाकर उपस्थित लोगों को रोमांचित भी किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767368 Articles

Share this story