भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भारी जमावड़ा, कलेक्ट्रेट परिसर में दिखा जबरदस्त चुनावी माहौल

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भारी जमावड़ा, कलेक्ट्रेट परिसर में दिखा जबरदस्त चुनावी माहौल


बीकानेर, 31 अगस्त (हि.स.)। बीकानेर जिले में नगर निगम चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने का आज आखिरी दिन है। बीकानेर नगर निगम के चुनाव के लिए नामांकन के अंतिम दिन जिला कलेक्ट्रेट परिसर में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भारी जमावड़ा देखने को मिला. सुबह से ही कलेक्ट्रेट परिसर के आसपास राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं और समर्थकों की भीड़ के बीच चुनावी माहौल नजर आया।

अंतिम दिन कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं ने भी चुनावी मैदान में उतरने के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। पूर्व मंत्री बीडी कल्ला के भतीजे अनिल कल्ला ने नामांकन दाखिल कर चुनावी ताल ठोकी। वहीं कांग्रेस नेता संजय आचार्य, जावेद पड़िहार और दुष्यंत सिंह ने भी अपने-अपने नामांकन पत्र जमा करवाए। दिग्गज नेताओं के नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में समर्थक कलेक्ट्रेट पहुंचे। समर्थकों की भीड़ और नारेबाजी के बीच कलेक्ट्रेट परिसर में चुनावी रंग साफ नजर आया। अंतिम दिन नामांकन को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों के कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बीजेपी से यूआईटी के पूर्व चेयरमैन महावीर रांका, दीपक पारीक ने भी अपने-अपने वार्ड से नामांकन दाखिल किए।

नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही अब बीकानेर नगर निगम चुनाव की तस्वीर और साफ होने लगी है। कई वार्डों में प्रमुख चेहरों के मैदान में उतरने से मुकाबला रोचक हो गया है। अब नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के बाद मैदान में बचे प्रत्याशियों की अंतिम तस्वीर सामने आएगी। इसके साथ ही शहर के अलग-अलग वार्डों में चुनावी समीकरणों और संभावित मुकाबलों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो जाएंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story