बस्सी रेलवे स्टेशन के पास लगी भीषण आग, रेलवे अधिकारियों ने किया दौरा

WhatsApp Channel Join Now
बस्सी रेलवे स्टेशन के पास लगी भीषण आग, रेलवे अधिकारियों ने किया दौरा


चित्तौड़गढ़, 20 मई (हि.स.)। जिले के बस्सी कस्बे के साेनगर मार्ग पर स्थित रेलवे स्टेशन के पास रेलवे की ही जमीन पर उगे यूकिलिप्टिस के पेड़ों में भीषण आग लग गई और दर्जनों पेड़ जल कर खाक हो गए। आग की लपटों को देख कर राजमार्ग पर गुजर रहे लोग और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और उच्चाधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे और चित्तौड़गढ़ से दमकल बुलाई गई। दमकल समय पर नहीं पहुंचने से आग पूरे क्षेत्र में फैल गई और सूखी झाड़ियों में भी आग लग गई। तेज गर्मी के बीच आग की लपटें इतनी भीषण थी कि लोगों को मौके से भाग कर रेलवे पटरियों पर जाना पड़ा। तेज हवाएं चलने से आग और फैलती गई और धुए का गुबार फैल गया। बाद में ग्रामीणों ने आस-पास के क्षेत्र में पानी डालकर आग आगे फैलने से रोका, लेकिन दर्जनों पेड़ जल कर खाक हो गए।

गौरतलब है कि बस्सी के इसी क्षेत्र में पहले भी आग लगने की घटनाएं हो चुकी है। चित्तौड़गढ़ विधानसभा का बस्सी सबसे बड़ा कस्बा है और आस-पास के करीब 200 गांव जुड़े हुए है। इसके बावजूद बस्सी में फायर ब्रिगेड की सुविधा नहीं है। आगजनी की घटनाओं के बाद आग पर नियंत्रण के लिए चित्तौड़गढ़ से दमकल बुलानी होती है। तब तक आग काफी फैल जाती है। ग्रामीणों ने बस्सी मुख्यालय पर दमकल की व्यवस्था की मांग की है।

बस्सी पुलिस थाने के एएसआई एजाज ने बताया कि आग संभवतया किसी ने धूम्रपान के दौरान बीड़ी, सिगरेट जलाई हो और उसके कारण आग लग गई हो। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

Share this story