अपार्टमेंट में लगी भीषण आग: दमकल कर्मचारियों ने किया 15 लोगों का रेस्क्यू
जयपुर, 25 अप्रैल (हि.स.)। मुहाना थाना क्षेत्र में स्थित एक अपार्टमेंट में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उसकी लपटों ने पास के दो अन्य फ्लैट्स को भी अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल की टीम ने तत्परता दिखाते हुए करीब 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
थानाधिकारी गुरु भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मुहाना मंडी के पास स्थित ‘घर आंगन’ अपार्टमेंट की छठी मंजिल पर दोपहर करीब 2:15 बजे एक फ्लैट में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के दो फ्लैट्स में भी फैल गई। धुआं पूरे अपार्टमेंट में भर गया, जिससे लोगों का दम घुटने लगा और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
पुलिस और दमकल कर्मियों ने तत्परता से रेस्क्यू अभियान चलाते हुए दूसरी से छठी मंजिल तक फंसे लोगों को बाहर निकाला। करीब 20 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। रेस्क्यू के दौरान हेड कांस्टेबल कान सिंह ने बहादुरी दिखाते हुए सीढ़ियों में बेहोश पड़े एक युवक को कंधे पर उठाकर बाहर निकाला और उसे तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया।
आग से एक फ्लैट पूरी तरह जलकर खाक हो गया, जबकि दो अन्य फ्लैट्स को भी नुकसान पहुंचा है। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

