नीमराना के घीलौट औद्योगिक क्षेत्र में ट्रांस एसी कंपनी में भीषण आग, घंटों बाद पाया काबू

WhatsApp Channel Join Now
नीमराना के घीलौट औद्योगिक क्षेत्र में ट्रांस एसी कंपनी में भीषण आग, घंटों बाद पाया काबू


जयपुर, 24 मार्च (हि.स.)। कोटपुतली-बहरोड़ जिले के नीमराना उपखंड क्षेत्र के घीलौट औद्योगिक क्षेत्र स्थित ट्रांस एसी कंपनी में मंगलवार तड़के भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

आग की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। नीमराना इंडियन जोन से दो, जापानी जोन से एक, बहरोड़ नगर परिषद, सोतनाला, कोटपूतली से एक-एक दमकल, शाहजहांपुर स्थित विकास ईकोटेक कंपनी और एएलपी कंपनी की दमकल सहित कुल 12 दमकल वाहनों को आग बुझाने में लगाया गया।

नीमराना इंडियन जोन के फायर ऑफिसर मेघराज यादव और घीलौट दमकल केंद्र प्रभारी मंजीत के नेतृत्व में दमकल कर्मियों ने करीब साढ़े चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। यह कंपनी वोल्वो बसों और ट्रेनों के लिए एयर कंडीशनर (एसी) बनाने का काम करती है। आग की इस घटना में कंपनी को करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान है।

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी चारुल गुप्ता और शाहजहांपुर थाना प्रभारी प्रक्रिता चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story