थर्माकोल फैक्ट्री में भीषण आग: 5 से 7 किलोमीटर दूर तक दिखा धुएं का गुबार

WhatsApp Channel Join Now
थर्माकोल फैक्ट्री में भीषण आग: 5 से 7 किलोमीटर दूर तक दिखा धुएं का गुबार


थर्माकोल फैक्ट्री में भीषण आग: 5 से 7 किलोमीटर दूर तक दिखा धुएं का गुबार


जयपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। बगरू थाना क्षेत्र के रीको औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार शाम थर्माकोल फैक्ट्री के गोदाम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग रोहित पॉली प्रोडक्ट्स फैक्ट्री के गोदाम में करीब साढ़े चार बजे लगी। थर्माकोल के डिब्बे बनाने वाली फैक्ट्री में आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। ऊंची लपटों के साथ उठता काले धुएं का गुबार करीब 5 से 7 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। आग और धुएं को देखकर आसपास की औद्योगिक इकाइयों, राहगीरों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

हादसे के समय गोदाम में करीब एक दर्जन मजदूर मौजूद थे। आग बढ़ने से पहले ही सभी मजदूर सुरक्षित बाहर निकल गए। इससे बड़ा हादसा टल गया। आग की सूचना मिलते ही बगरू नगर पालिका, रीको दमकल विभाग और आसपास के क्षेत्रों से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की लपटें लगातार बढ़ती देखकर अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी बुलाया गया। छह से अधिक दमकल वाहनों ने करीब दो घंटे तक लगातार मशक्कत की, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका।

आग की सूचना मिलते ही बगरू थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आग की भयावहता को देखते हुए फैक्ट्री के आसपास लोगों की भीड़ जमा होने लगी। पुलिस ने मौके पर भीड़ को नियंत्रित किया और लोगों को आग प्रभावित क्षेत्र से दूर रखा। आग और धुएं का मंजर देखकर लोगों ने मोबाइल फोन से फोटो और वीडियो भी बनाए।

बगरू थानाधिकारी चंद्रभान ने बताया कि रोहित पॉली प्रोडक्ट्स फैक्ट्री के गोदाम में करीब साढ़े चार बजे आग लगी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को सूचना दी गई। बगरू नगर पालिका, रीको दमकल विभाग सहित अन्य स्थानों से दमकल वाहनों को बुलाया गया। छह से अधिक दमकलों की करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है। वहीं फैक्ट्री में आग से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। आग पूरी तरह बुझने के बाद कूलिंग ऑपरेशन और जांच पूरी होने पर ही नुकसान की वास्तविक स्थिति सामने आएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story