मतदाता सूचियों में भारी गड़बड़ियां, कांग्रेस ने जिला निर्वाचन अधिकारी से निष्पक्ष जांच की मांग की

WhatsApp Channel Join Now
मतदाता सूचियों में भारी गड़बड़ियां, कांग्रेस ने जिला निर्वाचन अधिकारी से निष्पक्ष जांच की मांग की


अजमेर, 19 अगस्त(हि.स.)। नगर निगम चुनाव को लेकर जारी की गई मतदाता सूचियों में भारी गड़बड़ियों का मामला सामने आया है। विभिन्न वार्डों के हजारों मतदाताओं के नाम परिसीमन के अनुरूप संबंधित वार्डों में दर्ज होने के बजाय दूसरे वार्डों की मतदाता सूचियों में प्रकाशित किए जाने का आरोप लगाते हुए अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिला निर्वाचन अधिकारी एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी लोक बंधु को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि नगर निगम चुनाव के लिए राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पहले वार्डों का परिसीमन किया गया और परिसीमन के आधार पर प्रत्येक वार्ड की सीमाएं निर्धारित की गईं। इसके बावजूद जारी मतदाता सूचियों में कई वार्डों के पूरे-पूरे भाग के मतदाताओं के नाम दूसरे वार्डों में प्रकाशित कर दिए गए हैं। इससे चुनाव की निष्पक्षता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

कांग्रेस पदाधिकारियों ने बताया कि वार्ड संख्या 23 की मतदाता सूची में वार्ड के करीब 1000 से अधिक मतदाताओं के नाम वार्ड संख्या 24 की मतदाता सूची में प्रकाशित हुए हैं। इनमें भगवानगंज सांसी बस्ती का कुछ हिस्सा, फरीदाबाद कॉलोनी का हिस्सा, पहाड़गंज का हिस्सा, गुर्जर बस्ती, पृथ्वीराज नगर, भगवानगंज हरिजन बस्ती का अधिकांश हिस्सा, शिव कॉलोनी तथा लबाना बस्ती के कुछ हिस्से शामिल हैं। कांग्रेस का कहना है कि परिसीमन के अनुसार ये क्षेत्र वार्ड संख्या 23 में आते हैं, लेकिन इन क्षेत्रों के मतदाताओं के नाम वार्ड संख्या 24 की मतदाता सूची के भाग संख्या 2 में प्रकाशित किए गए हैं।

कांग्रेस ने कहा कि इस प्रकार की गड़बड़ी से न केवल आम मतदाता परेशान हो रहा है, बल्कि नगर निगम चुनाव में दावेदारी कर रहे संभावित प्रत्याशियों की चुनावी तैयारियों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। कांग्रेस ने मांग की कि प्रत्येक वार्ड की मतदाता सूची का परिसीमन से मिलान करवाकर गलत तरीके से दूसरे वार्ड में दर्ज मतदाताओं के नाम तत्काल सही वार्ड में स्थानांतरित किए जाएं।

इसी प्रकार वार्ड संख्या 9 का एक पूरा भाग वार्ड संख्या 13 में जोड़ने तथा वार्ड संख्या 10 में वार्ड संख्या 9 के करीब 500 मतदाताओं के नाम शामिल किए जाने की शिकायत भी कांग्रेस ने की है।

कांग्रेस के अनुसार प्रारंभिक स्तर पर 20 से अधिक वार्डों में इसी प्रकार की गड़बड़ियां सामने आई हैं। पार्टी ने मांग की है कि सभी वार्डों की मतदाता सूचियों की बूथवार एवं भागवार जांच कराई जाए तथा जिन अधिकारियों या कर्मचारियों की लापरवाही के कारण मतदाता सूचियों में गड़बड़ी हुई है, उनकी जिम्मेदारी तय की जाए।

कांग्रेस प्रवक्ता शैलेश गुप्ता ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक चुनाव की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। यदि मतदाता का नाम उसके वास्तविक वार्ड से हटाकर दूसरे वार्ड में डाल दिया जाता है तो इससे चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर गंभीर प्रश्न खड़े होते हैं।

कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि मतदाता सूचियों में सामने आई गड़बड़ियों को समय रहते दूर नहीं किया गया तो पार्टी इस मामले को लेकर व्यापक लोकतांत्रिक आंदोलन करेगी और निर्वाचन आयोग के समक्ष भी शिकायत दर्ज कराएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story