मारवाड़ ट्रैवल मार्ट 20 सितंबर से, तैयारियां शुरू

WhatsApp Channel Join Now
मारवाड़ ट्रैवल मार्ट 20 सितंबर से, तैयारियां शुरू


जोधपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। फेडरेशन ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म ऑफ राजस्थान (एफएचटीआर) ने 20 से 22 सितंबर तक जोधपुर में आयोजित होने वाले मारवाड़ ट्रैवल मार्ट (एमटीएम) 2026 की तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ कर दिया है। इस क्रम में जोधपुर एवं मारवाड़-थार क्षेत्र का दो दिवसीय रणनीतिक दौरा आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश के प्रमुख पर्यटन संगठनों ने भाग लेकर आयोजन की रूपरेखा, प्रचार-प्रसार एवं संचालन व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की।

एफएचटीआर के प्रतिनिधिमंडल ने ओसियां का दौरा कर डेजर्ट सफारी, लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, विरासत स्थलों एवं ग्रामीण पर्यटन गतिविधियों का अवलोकन किया, ताकि देश-विदेश से आने वाले खरीदारों एवं पर्यटन व्यवसायियों को थार के वास्तविक पर्यटन अनुभव से परिचित कराया जा सके। दौरे के दौरान फेडरेशन ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म ऑफ राजस्थान, जोधाना होटल्स एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन, इंडियन हेरिटेज होटल्स एसोसिएशन, ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन ऑफ जोधपुर, राजस्थान एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स तथा ट्रैवल गाइड्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त बैठकें आयोजित हुईं, जिनमें सभी संगठनों ने मारवाड़ ट्रैवल मार्ट (एमटीएम) जोधपुर 2026 को सफलता दिलाने के लिए अपना पूर्ण सहयोग देने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया। सम्पूर्ण प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व एफएचटीआर के अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह ने किया। दौरे का समापन उम्मेद भवन पैलेस में एफएचटीआर के मुख्य संरक्षक गज सिंह की गउपस्थिति में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक के साथ हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story