मरूनिनाद कार्यक्रम गुरुवार से, 14 को तीन मार्गों पर घोष संचलन

WhatsApp Channel Join Now
मरूनिनाद कार्यक्रम गुरुवार से, 14 को तीन मार्गों पर घोष संचलन


5 हजार शिक्षार्थी लेंगे हिस्सा, 500 टीचर-अधिकारी रहेंगे मौजूद

जोधपुर, 12 नवम्बर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में 12 नवंबर को शिकारपुरा स्थित श्री राजाराम आश्रम में घोष वर्ग का शुभारंभ होने जा रहा है। आयोजन को लेकर प्रबंधकों और व्यवस्थापकों ने अपनी जिम्मेदारियां संभाल ली हैं तथा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

प्रांत संघचालक हरदयाल वर्मा ने बताया कि राजाराम आश्रम में आयोजित होने वाले इस वर्ग में लगभग 5,000 शिक्षार्थी भाग लेंगे। इसके अतिरिक्त व्यवस्था, शिक्षण एवं प्रबंधन की दृष्टि से लगभग 500 शिक्षक एवं अधिकारी वर्ग की पूरी अवधि में शिविर परिसर में उपस्थित रहेंगे। वर्ग के दौरान अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है, जिसके अंतर्गत सभी शिविरार्थियों के मोबाइल फोन जमा रहेंगे। साथ ही शिविर परिसर में स्वच्छता और सभी शिक्षार्थियों के स्वास्थ्य व प्राथमिक चिकित्सा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

वर्ग के अंतर्गत 14 नवंबर को सायं 4 बजे शहर में घोष संचलन निकाला जाएगा। संचलन एक साथ तीन निर्धारित मार्गों से रवाना होगा, जो लगभग 50 मिनट में अपने गंतव्य पर पहुंचेगा। पहला संचलन सुमेर स्कूल से प्रारंभ होकर पुराना स्टेडियम तक, दूसरा संचलन पुराना स्टेडियम से प्रारंभ होकर गांधी मैदान तक और तीसरा संचलन गांधी मैदान से प्रारंभ होकर केशव परिसर (प्रताप नगर) तक निकलेगा।

घोष वर्ग का समापन समारोह 15 नवंबर को श्री राजाराम आश्रम शिकारपुरा में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775405 Articles

Share this story