प्रांत घोष शिविर मरू निनाद 2026 के लिए भूमि पूजन

WhatsApp Channel Join Now
प्रांत घोष शिविर मरू निनाद 2026 के लिए भूमि पूजन


12 से 15 नवंबर तक शिकारपुरा आश्रम में गूंजेगा संघ घोष का स्वर, डॉ. मोहन भागवत आएंगे

जोधपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत घोष शिविर ‘मरू निनाद 2026’ के आयोजन की तैयारियों के अंतर्गत जोधपुर के शिकारपुरा स्थित राजाराम आश्रम में वैदिक मंत्रोच्चार एवं यज्ञ के साथ भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। साधु-संतों, समाज के प्रबुद्ध जनों, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक निंबाराम, प्रांत प्रचारक विजयानंद प्रांत सहकार्यवाह धनाराम तथा वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, की उपस्थिति में विधि-विधान से भूमि पूजन कर शिविर की सफलता एवं निर्विघ्न आयोजन की कामना की गई।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जोधपुर विभाग के प्रचार प्रमुख लेखाराम बिश्नोई ने बताया कि प्रांत घोष शिविर मरू निनाद 2026 का आयोजन 12 से 15 नवंबर तक शिकारपुरा स्थित संत श्री राजाराम पावन तीर्थ धाम में किया जाएगा। इस शिविर में पश्चिमी राजस्थान की 21 जिला इकाइयों के घोष वादक सहभागिता करेंगे। शिविर में घोष वादन के माध्यम से अनुशासन, सामूहिकता, एकाग्रता और संगठनात्मक समन्वय का प्रदर्शन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि संघ की घोष परंपरा केवल वाद्य यंत्रों के वादन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामूहिक साधना, लयबद्धता, अनुशासन और राष्ट्रभाव की अभिव्यक्ति भी है। घोष के विविध वाद्य यंत्रों के स्वरों का सामंजस्य स्वयंसेवकों में एकरूपता, समर्पण और सामूहिक कार्यक्षमता का भाव विकसित करता है। ‘मरू निनाद’ इसी समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन राव भागवत का सान्निध्य प्राप्त होगा। भूमि पूजन के साथ ही शिविर की तैयारियों ने गति पकड़ ली है। ‘मरू निनाद-2026’ के माध्यम से राजस्थान की मरुधरा में संघ घोष की सामूहिक स्वर-लहरी, अनुशासन और संगठनात्मक चेतना का प्रभावी प्रकटीकरण देखने को मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760284 Articles

Share this story