पर्यावरण एवं वन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मरू बीकाणा वन मेला-2026 आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
पर्यावरण एवं वन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मरू बीकाणा वन मेला-2026 आयोजित


बीकानेर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। बीकानेर संभाग की वन संपदा, पारंपरिक ज्ञान तथा वन आधारित आजीविका को सशक्त मंच प्रदान करने के उद्देश्य से वन विभाग द्वारा एक दिवसीय संभाग स्तरीय मरू बीकाणा वन मेला शुक्रवार को ग्रामीण हाट में आयोजित किया गया। आमजन में पर्यावरण एवं वन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राज्य सरकार के पंच गौरव कार्यक्रम के अन्तर्गत मरू वन मेले में वन सुरक्षा एवं प्रबन्धन समितियों स्वयं सहायता समूह, आजीविका समूह, वन विभाग द्वारा मरू क्षेत्र के वन एवं वनस्पति प्रजातियों जैसे खेजड़ी, रोहीड़ा, शीशम आदि के प्रचार-प्रसार व वन्यजीव संबंधी गतिविधियों से जुड़ी संभाग के बीकानेर, हनुमानगढ, श्रीगंगानगर एवं चूरू जिलों की लगभग 25 स्टाॅल्स लगाई गई। तुंबा का अचार, मोरिंगा का पाउडर, गाय के गोबर से बने गौ काष्ठ के उत्पाद एवं फूलों से बनी हर्बल गुलाल आदि आकर्षण का केंद्र रहे।

प्रो अनिल कुमार छंगाणी, प्रो प्रताप सिंह एवं डॉ श्याम सुन्दर ज्यानी ने वन एवं स्थानीय प्रजातियों की महत्ता बताते हुए वन व वन्य जीव संरक्षण संबंधी व्याख्यान दिए।

श्री जी वेंकटेश, उप वन संरक्षक ने बताया इस मरू वन मेले का उद्देश्य वन सुरक्षा एवं प्रबन्धन समितियों, स्वयं सहायता समूह, राजीविका समूह द्वारा निर्मित वन उत्पादों के विक्रय, विपणन एवं प्रदर्शन को प्रोत्साहित करना, वन आजीविका पर्यावरण के बीच संतुलन स्थापित करते हुए हरित और आत्मनिर्भर राजस्थान की दिशा में जनसहभागिता को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संभाग प्रभारी उदय शंकर, अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक जयपुर व विशिष्ट अतिथि सोहन लाल , मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद रहे एवं अध्यक्षता हनुमानाराम, संभागीय मुख्य वन संरक्षक ने की एवं कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ पूजा पंचारिया, सहायक वन संरक्षक बीकानेर ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story