संविधान दिवस पर निकाली एनएसयूआई की ‘रन फॉर कॉन्स्टिट्यूशन’ मैराथन

WhatsApp Channel Join Now
संविधान दिवस पर निकाली एनएसयूआई की ‘रन फॉर कॉन्स्टिट्यूशन’ मैराथन


जयपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को राजधानी में एनएसयूआई की ओर से ‘रन फॉर कॉन्स्टिट्यूशन’ मैराथन का आयोजन किया गया। एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में आयोजित 5 किलोमीटर की दौड़ में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। मैराथन राजस्थान विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से शुरू होकर पत्रिका गेट पर संपन्न हुई। दौड़ के दौरान युवाओं ने हाथों में संविधान की प्रस्तावना से जुड़ी तख्तियां लेकर संविधान के सम्मान, अधिकारों की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने का संदेश दिया।

मैराथन के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने प्रतिभागियों को भारतीय संविधान की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि संविधान देश के लोकतंत्र की आत्मा है। इसमें निहित न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के मूल्यों की रक्षा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। युवा शक्ति लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने युवाओं से संवैधानिक अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।

आयोजन में प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के लिए नकद पुरस्कारों की व्यवस्था की गई। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 11 हजार रुपए, द्वितीय स्थान पर रहने वाले को 7,100 रुपए और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 5,100 रुपए दिए गए। लड़कों और लड़कियों के लिए अलग-अलग पुरस्कारों के साथ टी-शर्ट और प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में राजस्थान विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष पुष्पेंद्र भारद्वाज सहित एनएसयूआई के विभिन्न पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। आयोजन के माध्यम से युवाओं को संविधान के प्रति जागरूक करने, लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और संवैधानिक आदर्शों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story