मानसी वाकल बांध में दोस्त को बचाने कूदा रेस्टोरेंट संचालक, खुद डूबा

WhatsApp Channel Join Now
मानसी वाकल बांध में दोस्त को बचाने कूदा रेस्टोरेंट संचालक, खुद डूबा


उदयपुर, 2 मई (हि.स.)। उदयपुर जिले के झाड़ोल क्षेत्र स्थित मानसी वाकल बांध में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में रेस्टोरेंट संचालक मोहन थापा (26) की डूबने से मौत हो गई। मोहन ने अपने दोस्त की जान बचाने के लिए बांध में छलांग लगाई, लेकिन खुद को नहीं बचा सका। घटना सुबह करीब 11:30 बजे की है, जब वह अपने साथियों के साथ पिकनिक मनाने गया था।

थानाधिकारी फैलीराम के अनुसार मृतक मोहन थापा नेपाल के गुल्मी जिले के रामघास का निवासी था और झाड़ोल में ‘एमडी चाइनीज रेस्टोरेंट’ संचालित करता था। शनिवार को वह अपने पांच दोस्तों और रेस्टोरेंट स्टाफ के साथ बांध पर नहाने गया था। इसी दौरान उसका साथी मिलन नहाते-नहाते गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।

मिलन ने बताया कि जैसे ही वह डूबने लगा, मोहन ने बिना देर किए पानी में छलांग लगा दी। उसने संघर्ष करते हुए मिलन को सुरक्षित किनारे की ओर धकेल दिया, लेकिन खुद गहराई में चला गया और बाहर नहीं आ सका। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

साथियों ने करीब 30 मिनट तक अपने स्तर पर मोहन को तलाशने की कोशिश की, लेकिन पानी गहरा होने के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे गोताखोरों और ग्रामीणों ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर लगभग 2 बजे मोहन का शव पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story