मंडोर एक्सप्रेस में बढ़ेंगे दो अतिरिक्त एसी कोच
जोधपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन और अन्य त्योहारों पर दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए मंडोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में दो अतिरिक्त एसी कोच लगाने का निर्णय लिया है। इससे आरक्षित सीटों की उपलब्धता बढ़ेगी और प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि ट्रेन संख्या 22491/22492 जोधपुर-दिल्ली-जोधपुर मंडोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में एक थर्ड एसी तथा एक थर्ड एसी इकोनॉमी श्रेणी का एक-एक अतिरिक्त कोच अस्थायी रूप से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था जोधपुर से 16 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक तथा दिल्ली से 17 अगस्त से 1 सितंबर 2026 की अवधि में 15 ट्रिप तक लागू रहेगी। रेलवे के अनुसार अतिरिक्त कोच लगाए जाने से अधिक यात्रियों को कन्फर्म आरक्षण मिल सकेगा। त्योहारों के दौरान बढऩे वाली यात्री भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था यात्रियों के लिए सुविधाजनक साबित होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

