जोधपुर को मलेरिया मुक्त जिला बनाने का संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
जोधपुर को मलेरिया मुक्त जिला बनाने का संकल्प


जोधपुर, 24 अप्रैल (हि.स.)। विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में व्यापक स्तर पर मलेरिया नियंत्रण एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित किया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र सिंह शेखावत ने बताया कि सभी बीसीएमओ एवं चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे विश्व मलेरिया दिवस के अंतर्गत निदेशालय के निर्देशानुसार विभिन्न गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित करें डिप्टी सीएमएचओ डॉ. महेंद्र कच्छवाहा ने बताया कि मलेरिया एक गंभीर लेकिन पूर्णत: रोकथाम योग्य बीमारी है। विभाग का लक्ष्य सामूहिक प्रयासों से मलेरिया मुक्त जिला बनाना है। उन्होंने बताया कि एक अप्रैल से 15 मई तक जिले में विशेष मलेरिया क्रैश प्रोग्राम संचालित किया जा रहा है, जिसके तहत फील्ड स्तर पर सघन गतिविधियां की जा रही हैं तथा सभी स्वास्थ्य संस्थानों से दैनिक रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जा रही है।

अभियान के अंतर्गत ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में एंटी लार्वा गतिविधियां चलाई जा रही है। जिसमें गमलों, कूलरों एवं परिंडों में पानी जमा नहीं होने तथा अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है ताकि मच्छरों को पनपने से रोका जा सके। घर-घर सर्वे कर बुखार के मरीजों की पहचान कर उनका इलाज करवाया जा रहा है। साथ ही जलभराव वाले स्थानों का निस्तारण वआमजन को मच्छरदानी उपयोग एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story