मालाखेड़ा नगर पालिका के पहले अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की सावित्री मीणा जीतीं

WhatsApp Channel Join Now
मालाखेड़ा नगर पालिका के पहले अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की सावित्री मीणा जीतीं


मालाखेड़ा नगर पालिका के पहले अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की सावित्री मीणा जीतीं


अलवर, 21 सितंबर (हि.स.)। अलवर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में नवगठित मालाखेड़ा नगर पालिका के पहले अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज की। कांग्रेस प्रत्याशी सावित्री मीणा ने 13 मत हासिल कर भाजपा के पूरण चंद मीणा को छह मतों से हराया। पूरण चंद मीणा को सात मत मिले। सावित्री मीणा मालाखेड़ा नगर पालिका की पहली पालिकाध्यक्ष बनी हैं।

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने गुलाल उड़ाया और पटाखे फोड़े।जीत के बाद सावित्री मीणा ने राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं अलवर ग्रामीण विधायक टीकाराम जूली सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मालाखेड़ा की जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और आमजन की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने की बात कही।अध्यक्ष पद का चुनाव जीतने के बाद सावित्री मीणा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह से मुलाकात करने फूलबाग पहुंचीं। इस दौरान जितेंद्र सिंह और टीकाराम जूली ने उनका मिठाई खिलाकर स्वागत किया और जीत की बधाई दी। मालाखेड़ा नगर पालिका में कुल 20 पार्षद हैं। चुनाव से पहले कांग्रेस के नौ, भाजपा के दो और निर्दलीय नौ पार्षद निर्वाचित हुए थे। अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को 13 मत मिले, जिससे निर्दलीय पार्षदों के समर्थन की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

मतदान के दौरान नगर पालिका परिसर के बाहर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली कांग्रेस पार्षदों के साथ चुनाव स्थल पहुंचे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस-प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार

Share this story