मूंग के दाने जितना मक्का-मदीना बनाया, माइक्रोस्कोप से दिखती है कलाकृति

WhatsApp Channel Join Now
मूंग के दाने जितना मक्का-मदीना बनाया, माइक्रोस्कोप से दिखती है कलाकृति


उदयपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। उदयपुर शहर के मशहूर सूक्ष्म कला कलाकार और स्वर्ण शिल्पी डॉ. इकबाल सक्का ने अपनी कला का एक और अनूठा नमूना पेश किया है। उन्होंने महज 1 मिलीमीटर आकार में मक्का और मदीना शरीफ की प्रतिकृतियां तैयार की हैं। मूंग के दाने के बराबर आकार की इन कलाकृतियों को देखने के लिए माइक्रोस्कोपिक लेंस की जरूरत पड़ती है। ईद मिलादुन्नबी के मौके पर तैयार की गई इन कलाकृतियों को डॉ. सक्का सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस एवं प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान को भेंट करना चाहते हैं।

डॉ. सक्का के मुताबिक, मक्का शरीफ की प्रतिकृति में सोने से खाना-ए-काबा का ढांचा तैयार किया गया है। इसमें बारीक मीनारें और मुख्य दरवाजा भी बनाया गया है। काबा को काली मखमल पर डिजाइन की गई पोशाक से सजाया गया है। वहीं, पूर्वी दीवार पर चांदी की फ्रेम में संगे अस्वद की तरह सऊदी अरब से लाए गए पत्थर की बारीक कटिंग कर जड़ा गया है।

इसी तरह 1 मिलीमीटर आकार में मदीना-ए-मुनव्वरा की प्रतिकृति भी बनाई गई है। इसमें बारीक मीनारों के साथ हरा गुंबद और गुंबद-ए-खिजरा के ऊपर छोटी खिड़की भी उकेरी गई है। कलाकृति में अरबी में ‘ला इलाहा इल्लल्लाह’ लिखा सऊदी अरब का राष्ट्रीय ध्वज और भारत का तिरंगा भी दर्शाया गया है।

डॉ. सक्का ने बताया कि इस सूक्ष्म कला को तैयार करने में करीब 7 दिन लगे। इसमें 2 ग्राम चांदी और 100 मिलीग्राम सोने का इस्तेमाल किया गया है। 211 इंटरनेशनल वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके डॉ. सक्का ने इन कलाकृतियों को 140 करोड़ भारतीयों की ओर से सऊदी प्रधानमंत्री को भेंट करने की इच्छा जताई है। इसके लिए उन्होंने नई दिल्ली स्थित सऊदी अरब दूतावास और सऊदी प्रधानमंत्री को आधिकारिक पत्र भेजा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story