कोटा मंडल में कवच 4.0 की बड़ी सफलता, महाप्रबंधक ने किया लोको ट्रायल का निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
कोटा मंडल में कवच 4.0 की बड़ी सफलता, महाप्रबंधक ने किया लोको ट्रायल का निरीक्षण


कोटा मंडल में कवच 4.0 की बड़ी सफलता, महाप्रबंधक ने किया लोको ट्रायल का निरीक्षण


काेटा, 01 जुलाई (हि.स.)। महाप्रबंधक, पश्चिम मध्य रेलवे दिलीप कुमार सिंह ने अपने दो दिवसीय कोटा मंडल निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान सवाई माधोपुर–लाखेरी रेलखंड में कवच वर्जन 4.0 के सफल लोको ट्रायल का निरीक्षण किया तथा इसके उपरांत कोटा स्थित उन्नत कवच फैट रूम का उद्घाटन किया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सवाई माधोपुर से कोटा के मध्य कवच वर्जन 4.0 के विभिन्न परिचालन परिदृश्यों का सफल परीक्षण किया गया। ट्रायल में मैनुअल ब्रेक टेस्ट, लूप लाइन स्पीड कंट्रोल, मैनुअल एसओएस टेस्ट, स्पीड प्रिवेंशन टेस्ट, कंटीन्यूअस कैब सिग्नलिंग, रोल-बैक प्रिवेंशन तथा ऑटो हॉर्न जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं का सफल प्रदर्शन किया गया। ट्रायल की सफलता पर महाप्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

इसके पश्चात महाप्रबंधक सिंह ने एस एंड टी जीएसयू यूनिट, कोटा में स्थापित उन्नत कवच फैट रूम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक, कोटा अनिल कालरा, मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता (जीएसयू) सचिन कुमार शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता शुक्ला ने कवच प्रणाली के अंतर्गत एस एंड टी जीएसयू, कोटा द्वारा विकसित तकनीकी नवाचारों एवं सिस्टम सुधारों की जानकारी प्रस्तुत की।

महाप्रबंधक ने फैट रूम में उपलब्ध अत्याधुनिक परीक्षण सुविधाओं, तकनीकी नवाचारों तथा जीएसयू टीम द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इन प्रयासों से कवच प्रणाली की विश्वसनीयता, कार्यकुशलता एवं परिचालन तत्परता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने टीम के समर्पण, तकनीकी दक्षता और नवाचार आधारित कार्यसंस्कृति की विशेष प्रशंसा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story