परमवीर चक्र विजेता मेजर शैतान सिंह का बलिदान दिवस 18 को

WhatsApp Channel Join Now
परमवीर चक्र विजेता मेजर शैतान सिंह का बलिदान दिवस 18 को


जोधपुर, 16 नवम्बर (हि.स.)। भारत की सीमाओं की रक्षा करते हुए 1962 के भारत-चीन युद्ध में सर्वोच्च वीरता का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्र के लिए बलिदान देने वाले व मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित मेजर शैतान सिंह भाटी के 64वें बलिदान दिवस पर 18 नवम्बर को सुबह 9 बजे पावटा चौराहा स्थित परमवीर सर्किल प्रतिमा स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल जयदेव सिंह राठौड़ ने बताया कि इस श्रद्धांजलि समारोह में भारतीय सेना के अधिकारी, पूर्व सैनिक, वीर नारियां, शहीद परिवार, युवा, चौपासनी शिक्षण संस्थान के प्रतिनिधि, विद्यार्थी, विभिन्न सामाजिक एवं सैनिक संगठन तथा शहर के गणमान्य नागरिक सम्मिलित होकर मेजर शैतान सिंह एवं रेजांग ला के अमर वीरों को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने शहर के आम नागरिकों, युवाओं एवं चौपासनी विद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों से अनुरोध किया कि इस अवसर पर कार्यक्रम में शरीक होकर देश के महान वीर सपूत को श्रद्धांजलि दें। बता दे कि 18 नवम्बर 1962 को लद्दाख के दुर्गम रेजांग ला क्षेत्र में भारत-चीन युद्ध के दौरान मेजर शैतान सिंह ने 13 कुमाऊं रेजिमेंट की सी-कंपनी का नेतृत्व करते हुए असाधारण वीरता का परिचय दिया था। अत्यंत विषम परिस्थितियों में अपने सैनिकों के साथ अंतिम सांस तक मोर्चे पर डटे रहकर उन्होंने मातृभूमि की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान दिया। उनकी अद्वितीय वीरता के लिए उन्हें मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778107 Articles

Share this story