मेजर शैतान सिंह राष्ट्र नायक, उनका बलिदान सदैव याद रहेगा- देवनानी

WhatsApp Channel Join Now
मेजर शैतान सिंह राष्ट्र नायक, उनका बलिदान सदैव याद रहेगा- देवनानी


मेजर शैतान सिंह राष्ट्र नायक, उनका बलिदान सदैव याद रहेगा- देवनानी


अजमेर, 14 मार्च(हि.स) । परमवीर चक्र विजेता मेजर शैतान सिह छात्रावास एवं शिक्षण संस्थान कुंदन नगर में सांसद कोष से 20 लाख रुपये की लागत से पुस्तकालय हॉल का निर्माण होगा। राज्य सभा सांसद एवं केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने छात्रों को पुस्तकालय की सुविधा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से यह स्वीकृति प्रदान की।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने परमवीर चक्र मेजर शैतान सिंह छात्रावास एवं शिक्षण संस्थान कुंदन नगर में पुस्तकालय हॉल का शिलान्यास किया। इस अवसर पर देवनानी ने संबोधित करते हुए कहा कि इस पुस्तकालय हॉल के निर्माण से छात्र-छात्राओं को बहुत अच्छी सुविधा मिलेगी। पुस्तकालय हॉल में रखी जाने वाली किताबों व मैग्जीन से छात्रों के ज्ञान में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अनुमोदित हुए काम समय पर पूरे किए जाएंगे। इससे पहले इस छात्रावास में विधायक कोष से 10 लाख रुपये की लागत से एक कक्ष का निर्माण किया गया था।

उन्होंने कहा कि मेजर शैतान सिंह ने 1962 को भारत चीन युद्ध में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। दुश्मनों का बहादुरी से मुकाबला करते हुए शहीद हुए थे। उनकी बहादुरी के लिए भारत सरकार ने मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया था। इस युद्ध में चीन के 1300 सैनिक मारे गए थे। देवनानी ने कहा कि स्वाभिमान, शौर्य और वीरता के प्रतीक महाराणा प्रताप का पाठ उनके शिक्षा मंत्री रहते पाठ्यक्रम में जोड़ा गया। पूर्ववर्ती सरकार अकबर महान पढ़ाकर नई पीढ़ी को अपने महापुरुषों की वीर गाथाओं से वंचित रख रही थी।

हिन्दुस्थान समाचार/संतोष/संदीप

Share this story