अक्टूबर में ग्रहों की बड़ी हलचल: त्रिग्रही, बुधादित्य और लक्ष्मीनारायण राजयोग से चमकेगी राशियों की किस्मत

WhatsApp Channel Join Now
अक्टूबर में ग्रहों की बड़ी हलचल: त्रिग्रही, बुधादित्य और लक्ष्मीनारायण राजयोग से चमकेगी राशियों की किस्मत


जयपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। ज्योतिष शास्त्र और व्रत-त्योहारों के नजरिए से अक्टूबर का महीना बेहद खास रहने वाला है। इस महीने में कई प्रमुख ग्रहों का राशि परिवर्तन और दुर्लभ राजयोगों का निर्माण होगा, जिसका सीधा प्रभाव सभी 12 राशियों के जातकों पर देखने को मिलेगा। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, इस माह बनने जा रहे शुभ योगों से कुछ विशेष राशियों को धन लाभ, पद-प्रतिष्ठा और करियर में बड़ी सफलता मिलने के योग हैं।

पंडित बनवारी लाल शर्मा ने बताया कि 4 अक्टूबर को चंद्रमा कर्क राशि में प्रवेश करेंगे, जहां पहले से ही देवगुरु बृहस्पति और मंगल विराजमान हैं। कर्क राशि में गुरु, मंगल और चंद्रमा की इस युति से 4 से 6 अक्टूबर तक अत्यंत शुभ त्रिग्रही योग का निर्माण होगा। 17 अक्टूबर को सूर्य देव कन्या राशि से निकलकर शुक्र के स्वामित्व वाली तुला राशि में प्रवेश करेंगे। तुला राशि में पहले से मौजूद बुध के साथ सूर्य की युति से बुधादित्य राजयोग बनेगा, जिसे मान-सम्मान और बुद्धि के विकास के लिए उत्तम माना जाता है।

सुख, वैभव और धन के कारक शुक्र 20 अक्टूबर को अपनी स्वराशि तुला में गोचर करेंगे। यहां बुध के साथ उनकी युति से 'लक्ष्मी-नारायण राजयोग' का निर्माण होगा। इसके अलावा, शुक्र के अपनी स्वराशि में केंद्र भाव में स्थित होने से पंच महापुरुष योगों में से एक 'मालव्य राजयोग' भी इसी दिन बनेगा, जिससे जीवन में भौतिक सुख-सुविधाएं बढ़ेंगी। ज्ञान, विवाह और वृद्धि के कारक देवगुरु बृहस्पति 31 अक्टूबर को कर्क राशि से निकलकर अपने मित्र ग्रह सूर्य के स्वामित्व वाली सिंह राशि में प्रवेश करेंगे। गुरु का यह गोचर अत्यंत फलदायी माना जा रहा है।

वहीं ग्रहों के इस बड़े फेरबदल और शुभ राजयोगों के प्रभाव से कर्क, सिंह, तुला और वृश्चिक राशि के जातकों को जबरदस्त लाभ मिलने के संकेत हैं। इन राशियों के जातकों की आय में जबरदस्त बढ़ोतरी होगी और लंबे समय से अटका हुआ पैसा वापस मिल सकता है। कार्यस्थल पर नई जिम्मेदारियां और पदोन्नति के अवसर मिलेंगे। व्यापार में नए प्रोजेक्ट्स से अच्छा मुनाफा होगा।

नया घर, जमीन या वाहन खरीदने का सपना देख रहे लोगों की मनोकामना इस महीने पूरी हो सकती है। साथ ही पैतृक संपत्ति से भी लाभ के योग हैं। समाज और कार्यक्षेत्र में आपकी साख बढ़ेगी और अचानक धन प्राप्ति के योग बनेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story