‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट–2026’ के तहत हैदराबाद में 8 मई को होगी बड़ी इनवेस्टर मीट

WhatsApp Channel Join Now
‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट–2026’ के तहत हैदराबाद में 8 मई को होगी बड़ी इनवेस्टर मीट


जयपुर, 07 मई (हि.स.)। राजस्थान को कृषि नवाचार, एग्रीटेक निवेश और तकनीक आधारित कृषि विकास का अग्रणी केंद्र बनाने की दिशा में कृषि विभाग राजस्थान द्वारा फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) तथा राजस्थान फाउंडेशन के सहयोग से ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)–2026’ के तहत 8 मई को हैदराबाद में एक महत्वपूर्ण इनवेस्टर मीट आयोजित की जा रही हैं, जिसमें कृषि, एग्रीटेक, आईटी, बीज प्रौद्योगिकी, संरक्षित खेती और कृषि अनुसंधान से जुड़े प्रमुख उद्योग प्रतिनिधि, निवेशक और विशेषज्ञ भाग लेंगे।

रोड शो के दौरान “स्कोप ऑफ आईटी इंटरवेंशन एंड टेक्नोलॉजिकल इनोवेशन इन एग्रीकल्चर” विषय पर विशेष पैनल चर्चा आयोजित की जाएगी।

पैनल चर्चा में आईटीसी, कोरोमंडल, नुजिवीडु सीड्स, खेयती, आईसीआरआईसैट तथा इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ ऑयलसीड्स रिसर्च (आईआईओआर) जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों और कंपनियों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। चर्चा के दौरान राजस्थान में एग्रीटेक विस्तार, तकनीकी नवाचार, इंटर-स्टेट सहयोग तथा कृषि निवेश के नए अवसरों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में तथा उनके साथ कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री डॉ किरोड़ी लाल, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री जोराराम, सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार, कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की प्रमुख शासन सचिव मंजू राजपाल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

इस दौरान मुख्यमंत्री निवेशकों, उद्योगपतियों और राजस्थान फाउंडेशन के सदस्यों के साथ विशेष संवाद भी करेंगे, जिसमें राजस्थान में कृषि आधारित निवेश, एग्रीटेक स्टार्टअप्स, प्रोसेसिंग, सप्लाई चेन और तकनीकी साझेदारी के अवसरों पर चर्चा की जाएगी।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा एग्रीटेक कंपनियों के साथ—साथ फार्मा कंपनियों से भी मीटिंग की जाएंगी। राज्य सरकार का उद्देश्य ‘ग्राम–2026’ के माध्यम से राजस्थान को कृषि नवाचार, स्मार्ट खेती, जल प्रबंधन, एग्री-इन्फ्रास्ट्रक्चर और तकनीकी कृषि समाधान के क्षेत्र में वैश्विक निवेश का प्रमुख केंद्र बनाना है। हैदराबाद इनवेस्टर मीट इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

उल्लेखनीय है कि 23 से 25 मई 2026 को जयपुर में आयोजित होने वाले ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)–2026’ के मुख्य सम्मेलन के लिए व्यापक तैयारियां जारी हैं। हैदराबाद इनवेस्टर मीट से पहले दिल्ली, बेंगलुरु तथा अहमदाबाद में भी इनवेस्टर मीट का आयोजन किया जा चुका है। खास बात यह है कि अहमदाबाद इनवेस्टर मीट के दौरान 150 करोड़ से अधिक का निवेश भी राज्य को प्राप्त हुआ है। ‘ग्राम 2026’ में देश-विदेश के निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों एवं नीति निर्माताओं की बड़ी भागीदारी अपेक्षित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story