निजी गैस एजेंसियों के नाम पर रसोई गैस की कालाबाजारी का बड़ा अड्डा पकड़ा

WhatsApp Channel Join Now
निजी गैस एजेंसियों के नाम पर रसोई गैस की कालाबाजारी का बड़ा अड्डा पकड़ा


पुष्कर के देवनगर रोड स्थित मकान से 532 रसोई गैस सिलेण्डर जब्‍त

अजमेर, 19 मार्च(हि.स.)। वर्तमान अन्‍तरराष्ट्रीय परिस्थितियों के दृष्टिगत जिले में एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने, कालाबाजारी रोकने एवं प्रभारी निगरानी के लिए जिला रसद अधिकारी मोनिका जाखड़ के नेतृत्व में अजमेर एवं पुष्कर में घरेलू गैस के नाम पर चल रहे बड़े घोटाले का पर्दाफाश करते हुए प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला रसद अधिकारी नीरज कुमार जैन के निर्देशन में प्रवर्तन दल द्वारा पुष्कर के देवनगर रोड स्थित एक मकान से शुरू हुई इस कार्रवाई में रोहित कुमावत और शुभाष कुमावत द्वारा संचालित अवैध गैस कारोबार का खुलासा हुआ है, जो लंबे समय से निजी कंपनियों “इंदिरा गैस” और “प्योर गैस” के नाम पर चल रहा था।

पुष्कर गैस एजेंसी के नाम से संचालित इस गैस कारोबारी के पास सिर्फ 100 किलो का लाइसेंस, लेकिन इसके कब्जे से हजारों किलो का स्टॉक बरामद किया है।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार संबंधित एजेंसियों के पास केवल 100 किलो गैस स्टोर करने का लाइसेंस था, लेकिन मौके पर जांच के दौरान स्थिति पूरी तरह उलट पाई गई। देवनगर रोड स्थित परिसर से 64 गैस सिलेंडर जब्त किए गए, वहीं बागड़ाई स्थित एक अन्य गोदाम से करीब 468 सिलेंडर बरामद किए गए।

जांच में सामने आया कि इन एजेंसियों को घरेलू उपयोग के लिए डीलरशिप दी गई थी, ताकि आम जनता को गैस उपलब्ध कराई जा सके। लेकिन आरोपितों ने इस व्यवस्था का दुरुपयोग करते हुए दुकानदारों और कमर्शियल उपयोगकर्ताओं को गैस सप्लाई की अधिक मुनाफे के लिए ब्लैक मार्केटिंग की अलग-अलग स्थानों से अवैध स्टोरेज कर सप्लाई चेन तैयार की।

सूत्रों के अनुसार इस पूरे अवैध नेटवर्क का संचालन रोहित कुमावत द्वारा किया जा रहा था, जो पुष्कर में गैस सिलेंडर की अवैध सप्लाई चेन का मुख्य संचालक बताया जा रहा है।

विभाग ने इसे अजमेर जिले में निजी गैस एजेंसियों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बताया है। बागोलाई क्षेत्र में भी कार्रवाई जारी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story