बीकानेर रेंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई : एक दिन में 66 नशा तस्कर गिरफ्तार, 64 मामले दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
बीकानेर रेंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई : एक दिन में 66 नशा तस्कर गिरफ्तार, 64 मामले दर्ज


बीकानेर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत बीकानेर रेंज पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर करारा प्रहार किया है।

महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज, ओमप्रकाश के निर्देशन में मंगलवार को रेंज के चारों जिलों—बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू में एक दिवसीय विशेष अभियान चलाकर बड़े स्तर पर छापेमारी की गई। इस विशेष अभियान के दौरान रेंज भर में 148 पुलिस टीमों का गठन कर 790 संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 64 प्रकरण दर्ज कर 66 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही, नशे के मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे वांछितों और इनामी अपराधियों को पकड़ने में भी पुलिस ने सफलता हासिल की है।

पुलिस टीमों ने बीकानेर में 125 स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई में 20 प्रकरण दर्ज कर 21 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया तथा 8 फरार वांछितों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया।

श्रीगंगानगर में 271 स्थानों पर छापेमारी कर 17 मामले दर्ज किए गए, 15 आरोपितों की गिरफ्तारी हुई और 11 फरार वांछितों को गिरफ्तार किया गया।

हनुमानगढ़ में 233 स्थानों पर दबिश देकर 20 प्रकरण दर्ज किए गए, 22 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। 15 फरार वांछितों और 2 इनामी अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए।

चूरू में 161 स्थानों पर दबिश देकर 7 प्रकरण दर्ज किए गए, 8 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया और 3 फरार वांछितों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

बीकानेर रेंज पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके पास मादक पदार्थों की तस्करी या अवैध कारोबार से जुड़ी कोई भी सूचना हो, तो उसे तुरंत पुलिस के साथ साझा करें और नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767887 Articles

Share this story