कोटा मंडल आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई: साढे चार लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद, एक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
कोटा मंडल आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई: साढे चार लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद, एक गिरफ्तार


काेटा, 29 जून (हि.स.)। कोटा मंडल की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) टीम ने एक यात्री की चोरी हुई संपत्ति, जिसका अनुमानित मूल्य लगभग साढे चार लाख रुपये है, बरामद करते हुए मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त कोटा पवन श्रीवास्तव के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुई।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं जनसम्पर्क अधिकारी सौरभ जैन ने बताया कि रेल मदद पोर्टल पर दर्ज शिकायत में बताया गया कि ट्रेन संख्या 19020 हरिद्वार एक्सप्रेस के कोच एम-1 से एक महिला यात्री का पर्स चोरी हो गया। पर्स में एक सोने का मंगलसूत्र, तीन जोड़ी सोने की बालियां, दो जोड़ी अंगूठियां तथा लगभग पखास हजार रुपये नकद रखे थे। इस संबंध में जीआरपी कोटा द्वारा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(सी) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया। जांच के दौरान निरीक्षक प्रभारी, आरपीएफ रामगंजमंडी द्वारा बांद्रा टर्मिनस से संबंधित कोच की सीसीटीवी फुटेज प्राप्त की गई। फुटेज के विश्लेषण में एक संदिग्ध व्यक्ति को कोच एम-1 से चोरी का पर्स ले जाते हुए देखा गया। इसी फुटेज के आधार पर सहायक सुरक्षा आयुक्त-प्रथम यशवंत सिंह, कोटा के निर्देशन में आरपीएफ मंडल टीम ने आरपीएफ रामगंजमंडी एवं जीआरपी कोटा के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपित को आरएमए (रामगंजमंडी) स्टेशन से पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने ट्रेन संख्या 19020 हरिद्वार एक्सप्रेस के कोच एम-1 से चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया तथा चोरी की संपत्ति बरामद कराने पर सहमति दी। पहचान की पुष्टि के बाद जीआरपी कोटा ने आरोपित को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया। आरोपित की निशानदेही पर एक सोने का मंगलसूत्र, सोने की बालियां, सोने की अंगूठियां तथा लगभग 18,500 रुपये नकद बरामद किए गए। बरामद संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य साढे चार लाख रुपये है।

आरोपित की पहचान चंदर शोंधिया, उम्र 21 वर्ष, निवासी गुना (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story