गुप्त वृंदावन धाम पहुंचीं मैथिली ठाकुर ने भजनों से बांधा समां

WhatsApp Channel Join Now
गुप्त वृंदावन धाम पहुंचीं मैथिली ठाकुर ने भजनों से बांधा समां


गुप्त वृंदावन धाम पहुंचीं मैथिली ठाकुर ने भजनों से बांधा समां


जयपुर, 07 मार्च (हि.स.)। प्रसिद्ध भजन एवं लोक गायिका और युवा विधायक मैथिली ठाकुर इन दिनों जयपुर दौरे पर हैं। वे जवाहर कला केन्द्र में आयोजित एक विशेष टॉक शो में भाग लेने के लिए शहर आई हैं। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने गुप्त वृंदावन धाम में दर्शन कर भक्तिमय माहौल में भजन प्रस्तुति दी।

मीडिया प्रभारी सिद्ध स्वरूप दास ने बताया कि मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मैथिली ठाकुर ने प्रसिद्ध भजन “जय राधे जय कृष्णा, जय वृंदावन” की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। उनके मधुर स्वर और भक्ति से ओतप्रोत गायन से मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बन गया।

दास ने बताया कि इस दौरान भक्तों ने उनके साथ मिलकर हरे कृष्ण महामंत्र का संकीर्तन भी किया। कार्यक्रम के अंत में मंदिर प्रशासन की ओर से उन्हें श्रीकृष्ण प्रसाद और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story