राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य:प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल
राष्ट्रीय एकता दिवस पर हुए अनेक आयोजन
अजमेर, 31 अक्टूबर(हि.सं.)। अजमेर में शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस पर अनेक आयोजन हुए। प्रात: अजमेर में मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया जिसमें सैंकड़ों युवा स्त्री और पुरुषों ने हिस्सा लिया। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान का स्मरण किया गया। उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता के महत्व को रेखांकित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व से देशी रियासतों का एकीकरण कर आधुनिक भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।
कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल ने राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे जाति, भाषा, क्षेत्र और धर्म से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें तथा देश की प्रगति में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र की एकता, सामाजिक सद्भाव और आपसी सहयोग को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। आयोजन ने विश्वविद्यालय परिवार में राष्ट्रप्रेम, सामूहिक उत्तरदायित्व और देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित किया।
राष्ट्रीय एकता दिवस का यह आयोजन सरदार वल्लभभाई पटेल के विचारों एवं आदर्शों को स्मरण करते हुए सशक्त, समरस और अखंड भारत के निर्माण के संकल्प को दोहराने का प्रेरणादायी अवसर बना।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

