महिला कांग्रेस का प्रदर्शन पूरी तरह फ्लॉप,जनता का नहीं मिला समर्थन : राखी राठौड़

WhatsApp Channel Join Now
महिला कांग्रेस का प्रदर्शन पूरी तरह फ्लॉप,जनता का नहीं मिला समर्थन : राखी राठौड़


महिला कांग्रेस का प्रदर्शन पूरी तरह फ्लॉप,जनता का नहीं मिला समर्थन : राखी राठौड़


जयपुर, 25 मार्च (हि.स.)। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ ने महिला कांग्रेस के प्रदर्शन को पूरी तरह “फ्लॉप शो” करार दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शन को न तो आम जनता का समर्थन मिला और न ही महिलाओं की भागीदारी देखने को मिली।

राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस एक बार फिर झूठ, भ्रम और अफवाह फैलाने की राजनीति पर उतर आई है। उन्होंने कहा कि वैश्विक संकट के इस दौर में जहां पूरे देश को एकजुट होने की आवश्यकता है, वहीं कांग्रेस राजनीतिक लाभ लेने के लिए अनावश्यक भय और असंतोष का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है। राखी राठौड़ ने स्पष्ट कहा कि देश में किसी प्रकार का एलपीजी संकट नहीं है और जिन उपभोक्ताओं के पास वैध कनेक्शन हैं, उन्हें गैस सिलेंडर आसानी से उपलब्ध हो रहे हैं। “अगर वास्तव में कोई गंभीर समस्या होती, तो जनता का समर्थन स्वतः दिखाई देता, लेकिन प्रदर्शन में भीड़ की कमी ही इसकी सच्चाई बता रही है। कांग्रेस का इस तरह का प्रदर्शन साफ दिखाता है कि कांग्रेस देशद्रोही काम कर रही है।

भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ ने कांग्रेस नेतृत्व पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी सर्वदलीय बैठक में शामिल नहीं हुए, जिससे उनकी गंभीरता पर सवाल खड़े होते हैं। “जब देश को एकजुट होकर समाधान ढूंढने की जरूरत है, तब कांग्रेस नेतृत्व अपनी राजनीतिक प्राथमिकताओं में व्यस्त है। उन्होंने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि सरकार वैश्विक चुनौतियों के बावजूद देश को सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, ग्रीन एनर्जी की ओर बढ़ते कदम और घरेलू उत्पादन को बढ़ाने के प्रयास इसका प्रमाण हैं।

भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ ने कहा कि 2013 में जहां देश में लगभग 14 करोड़ गैस कनेक्शन थे, वहीं आज यह संख्या बढ़कर 33 करोड़ से अधिक हो चुकी है, जिससे महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह हर संकट के समय “फेक नैरेटिव” गढ़कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास करती है, लेकिन अब जनता उनके मंसूबों को समझ चुकी है। हमारी माताएं—बहनें कांग्रेस के बहकावें में नहीं आ रही है। राठौड़ ने प्रदेश की महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि वे ऐसे भ्रामक और राजनीतिक प्रदर्शन से दूर रहें और देशहित में एकजुटता बनाए रखें। “जनता का विश्वास प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में है और यही कारण है कि कांग्रेस को लगातार जनसमर्थन नहीं मिल पा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story