दो सौ वर्ष बाद महर्षि गौतम चरण पादुका का अभिषेक

WhatsApp Channel Join Now
दो सौ वर्ष बाद महर्षि गौतम चरण पादुका का अभिषेक


जोधपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। अक्षपाद महर्षि गौतम महाराज की पावन चरण पादुका यात्रा त्र्यंबकेश्वर (नासिक) से प्रारंभ होकर जोधपुर पहुंची, जहां समाज बंधुओं द्वारा स्वागत किया गया। चैत्र नववर्ष एवं महर्षि गौतम जयंती के अवसर पर कुशावर्त, गोदावरी तट पर वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजन-अर्चन कर यात्रा का शुभारंभ किया गया था।

इस आयोजन में वेदमूर्ति पं. देवव्रत महेश रेखे एवं आचार्य महेश चन्द्रकान्त रेखे के सान्निध्य में चरण पादुका का विधिवत अभिषेक सम्पन्न हुआ। लगभग 200 वर्षों बाद वापस पादुका का पूजन कर उन्हें ऋषि स्वरूप में प्रतिष्ठित किया जाना विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। यात्रा मुंबई, सूरत, बड़ोदरा, जैतारण, ब्यावर, पाली होते हुए जोधपुर पहुंची।

जोधपुर स्थित गौतम मंदिर, गौतम सभा भवन में इस अवसर पर भावपूर्ण पूजन, पुष्प वंदन एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। पूरे वातावरण में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में मां अहल्या शिक्षा न्यास, जोधपुर द्वारा पं. राजेन्द्र महाराज का पीताम्बर ओढ़ाकर अभिनंदन किया गया। साथ ही उन्हें वामन पुराण एवं मां अहल्या की अयोध्या विग्रह की पवित्र तस्वीर भेंट की गई। इस आयोजन में मां अहल्या शिक्षा न्यास के संयोजक महेन्द्र उपाध्याय, अनिल जाजड़ा, अरविन्द उपाध्याय, डॉ. रवि शर्मा, अजय राणेजा, खुशी उपाध्याय, कविता पंचारिया सहित अनेक समाज बंधु एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story