लोकभवन में समारोहपूर्वक मनाया महाराष्ट्र और गुजरात स्थापना दिवस

WhatsApp Channel Join Now
लोकभवन में समारोहपूर्वक मनाया महाराष्ट्र और गुजरात स्थापना दिवस


जयपुर, 01 मई (हि.स.)। राजभवन स्थित लोकभवन में शुक्रवार को महाराष्ट्र और गुजरात राज्य के स्थापना दिवस का आयोजन गरिमामय वातावरण में समारोहपूर्वक किया गया। राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने इस अवसर पर दोनों राज्यों के लोगों से संवाद करते हुए उन्हें स्थापना दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं।

राज्यपाल ने कहा कि भाषायी आधार पर अलग राज्य बनने के बाद से महाराष्ट्र और गुजरात ने देश की प्रगति, विकास और सांस्कृतिक समृद्धि में निरंतर महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने दोनों राज्यों को भारत के स्वाधीनता आंदोलन की उर्वर भूमि बताते हुए सरदार वल्लभ भाई पटेल, महात्मा गांधी और बाल गंगाधर तिलक जैसे महान राष्ट्रनायकों का स्मरण किया।

राज्यपाल बागडे ने कहा कि गुजरात ने औद्योगिक विकास के साथ-साथ अपनी जीवंत सांस्कृतिक, सामाजिक और उत्सवधर्मी परंपराओं के माध्यम से देशभर में विशिष्ट पहचान बनाई है। वहीं महाराष्ट्र को अध्यात्म, दर्शन और संत परंपराओं की पुण्यभूमि बताते हुए उन्होंने कहा कि इस भूमि ने संत तुकाराम, समरथ रामदास जैसे संतों के साथ-साथ छत्रपति शिवाजी महाराज, विनायक दामोदर सावरकर और बीआर आंबेडकर जैसे प्रेरणादायी व्यक्तित्व दिए, जिन्होंने समाज में सकारात्मक परिवर्तन की मजबूत नींव रखी।

उन्होंने कहा कि लोकभवन में “एक भारत श्रेष्ठ भारत” अभियान के अंतर्गत विभिन्न राज्यों के स्थापना दिवस मनाने का उद्देश्य भारत की विविधता में एकता की सांस्कृतिक विरासत को सशक्त बनाना है। यह आयोजन देश की समृद्ध परंपराओं, सामाजिक एकता और राष्ट्रीय एकजुटता को और मजबूत करता है। राज्यपाल ने दोनों राज्यों की समृद्धि, खुशहाली और निरंतर विकास की कामना करते हुए कहा कि भारत की सांस्कृतिक विविधता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है।

इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. पृथ्वी सहित अन्य गणमान्यजन भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story