महाराणा प्रताप जयंती पर सात दिवसीय महोत्सव, घर-घर पीले चावल से निमंत्रण

WhatsApp Channel Join Now
महाराणा प्रताप जयंती पर सात दिवसीय महोत्सव, घर-घर पीले चावल से निमंत्रण


उदयपुर, 08 जून (हि.स.)। भारतीय संस्कृति, संस्कार, राष्ट्रभक्ति और बलिदान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मेवाड़ क्षत्रिय महासभा संस्थान एवं नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में महाराणा प्रताप जयंती के उपलक्ष्य में सात दिवसीय महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में सर्व समाज एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा तथा कार्यकर्ता घर-घर जाकर पीले चावल के साथ शोभायात्रा में शामिल होने का निमंत्रण देंगे।

इस संदर्भ में सम्पूर्ण आयोजन के संयोजक प्रेम सिंह शक्तावत ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि संस्था का उद्देश्य प्रत्येक घर तक महाराणा प्रताप का चित्र पहुंचाना है, ताकि नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, संस्कार और आदर्श व्यक्तित्व निर्माण की प्रेरणा जागृत हो सके। उन्होंने सरकार से मांग की कि राष्ट्रीय स्मारकों के निर्माण के साथ उनके रखरखाव की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए तथा शैक्षणिक संस्थानों और सरकारी प्रतिष्ठानों में महाराणा प्रताप की प्रतिमा या चित्र अनिवार्य रूप से स्थापित किए जाएं।

मेवाड़ क्षत्रिय महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष बालूसिंह कानावत ने कहा कि यह महोत्सव समाज के सभी वर्गों को जोड़ने का एक सांस्कृतिक अभियान है। पिछले चार दशकों से समाज और विभिन्न संगठनों के सहयोग से यह परंपरा निरंतर आगे बढ़ रही है।

संस्था के अध्यक्ष डॉ. पृथ्वीराज सिंह चौहान ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य केवल कार्यक्रम करना नहीं, बल्कि महाराणा प्रताप के आदर्शों, भारतीय परंपराओं और राष्ट्रीय चेतना को जन-जन तक पहुंचाना है। सप्त दिवसीय कार्यक्रम संयोजक कमलेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि 10 जून से कार्यक्रमों का शुभारंभ हल्दीघाटी और गोगुंदा में पूजा-अर्चना के साथ होगा। विभिन्न आयोजनों में हल्दीघाटी की पवित्र माटी का तिलक लगाया जाएगा। लगभग 45 समाजों और संगठनों की सहभागिता रहेगी।

राजसमंद जिला अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह झाला ने बताया कि इस बार की शोभायात्रा विशेष आकर्षण का केंद्र होगी, जिसमें महाराणा प्रताप की हरावल सेना के दस्तों की झांकियां तथा वनवासी बंधु अपनी पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story