दुर्गापुरा गौशाला में 15-16 अगस्त को होगा महामृत्युंजय रुद्र महायज्ञ

WhatsApp Channel Join Now
दुर्गापुरा गौशाला में 15-16 अगस्त को होगा महामृत्युंजय रुद्र महायज्ञ


जयपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। श्रावण मास के पावन अवसर पर टोंक रोड स्थित दुर्गापुरा राजस्थान गौसेवा संघ गौशाला में 15 और 16 अगस्त को दो दिवसीय 'श्री महामृत्युंजय रुद्र महायज्ञ एवं नर्मदेश्वर शिवलिंग अभिषेक' का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह धार्मिक अनुष्ठान 'अचूक शिवशक्ति साधना महायज्ञ' के रूप में पूर्ण श्रद्धा और वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न होगा। हाल ही में इस महायज्ञ के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन सालासर बालाजी मंदिर के विष्णुदत्त पुजारी द्वारा किया गया।

आयोजक गोपाल शरण महाराज ने बताया कि इस दो दिवसीय आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े शिरकत करेंगे।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण के साथ महायज्ञ का शुभारंभ होगा। इस दौरान देशभक्ति और देवभक्ति के अनोखे संगम के बीच भगवान को आहुतियां अर्पित की जाएंगी। साथ ही, दरबार में श्याम प्रभु एवं सालासर बालाजी का मनमोहक श्रृंगार भी किया जाएगा। दूसरे दिन 16 अगस्त को श्रावण मास के उपलक्ष्य में मुख्य महायज्ञ का आयोजन होगा। इसमें महामृत्युंजय मंत्रों के वैदिक उच्चारण के साथ रुद्राभिषेक एवं नर्मदेश्वर शिवलिंग का दिव्य अभिषेक किया जाएगा।

महायज्ञ के दौरान गौसेवा, लोककल्याण, राष्ट्र की सुख-समृद्धि, पर्यावरण संरक्षण एवं विश्व शांति की मंगल कामना से विशेष आहुतियां दी जाएंगी। आयोजकों ने शहर के श्रद्धालुओं से इस पावन अनुष्ठान में शामिल होकर धर्म लाभ उठाने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story