जयपुर में 501 कुंडीय संस्कार महायज्ञ शुक्रवार को, एक हजार विद्यार्थी लेंगे नशामुक्त भारत का संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर में 501 कुंडीय संस्कार महायज्ञ शुक्रवार को, एक हजार विद्यार्थी लेंगे नशामुक्त भारत का संकल्प


जयपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। संस्कार निर्माण, सामाजिक जागरूकता और नशामुक्त समाज के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जयपुर के वैशाली नगर स्थित डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल में 501 कुंडीय संस्कार महायज्ञ एवं नशा मुक्ति जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। भारत विकास परिषद के उत्तर पूर्व प्रांत के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में एक हजार विद्यार्थी यजमान के रूप में भाग लेकर संस्कारयुक्त, नशामुक्त और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लेंगे। कार्यक्रम शाम चार बजे से शुरू होगा।

आयोजन में राज्यपाल हरिभाऊ किशनराव बागड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। भारत विकास परिषद के क्षेत्रीय संगठन मंत्री विक्रांत खंडेलवाल मुख्य वक्ता होंगे। निरंजन अखाड़े के महामंडलेश्वर आचार्य नर्मदा शंकर का सान्निध्य प्राप्त होगा, जबकि अध्यक्षता परिषद के उत्तर पूर्व प्रांत के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. श्याम सुंदर अग्रवाल करेंगे।

कार्यक्रम में रूप लक्ष्मी कैसल ग्रुप के अध्यक्ष कैलाशचंद सैनी और डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल की प्रबंधक सरिता रंजन गौतम विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

स्वागत अध्यक्ष हरिशंकर बिलवाल और स्वागत सचिव कमल स्वामी होंगे। कार्यक्रम का संयोजन भारत विकास परिषद की चित्रकूट शाखा की अध्यक्ष डॉ. रीता भार्गव करेंगी।

कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों, अनुशासन तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करना है। नशे की बढ़ती प्रवृत्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, नशामुक्ति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली संस्थाओं और व्यक्तियों को सम्मानित भी किया जाएगा। इनमें ब्रह्माकुमारी संस्था, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और स्वामीनारायण मंदिर समिति सहित अन्य संस्थाएं शामिल हैं।

कार्यक्रम स्थल पर नशामुक्ति, संस्कार निर्माण, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी अपनाने, सामाजिक समरसता, परिवार प्रबोधन और नागरिक कर्तव्यों जैसे विषयों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके माध्यम से विद्यार्थियों, अभिभावकों और आमजन को सामाजिक बदलाव में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि संस्कार महायज्ञ के माध्यम से नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, सेवा, सदाचार और सामाजिक समरसता के भाव जागृत करने का प्रयास किया जाएगा।

डॉ. रीता भार्गव और विद्यालय के प्रधानाचार्य राजन गौतम ने नागरिकों से कार्यक्रम में सहभागी बनकर संस्कारयुक्त युवा, नशामुक्त समाज और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769065 Articles

Share this story