महासप्तमी पर शहरभर में हुए कन्या पूजन के कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
महासप्तमी पर शहरभर में हुए कन्या पूजन के कार्यक्रम


जोधपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। नवरात्रा पर्व के दौरान महासप्तमी पर आज शहरभर में कन्या पूजन के कार्यक्रम हुए। वहीं होमाष्टमी पर भी कन्या पूजन के कार्यक्रम होंगे। आद्यशक्ति व नवदुर्गा मंदिरों में हवन-जागरण एवं दुर्गा सप्तशती पाठ आदि अनुष्ठान होंगे। घरों में भी महागौरी पूजन-हवन के बाद दस वर्ष से कम उम्र की कन्याओं का दैवीय स्वरूप में महापूजन किया जाएगा।

शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर आज मुस्कान ग्रुप द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी कन्या पूजन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम संयोजक मधुबाला माथुर एवं बृजेश नेपालिया ने बताया कि अशोक उद्यान के सामने स्थित भवानी आदर्श विद्यालय में राजेश्वरी माथुर, दीपा माथुर, रेणु माथुर डाक्टर आभा माथुर, सुधा, निर्मल कुमार माथुर, राजेन्द्र प्रकाश सहित भवानी आदर्श विद्यालय के प्रधानाचार्य, आचार्य, अध्यापक आदि की उपस्थिति में कन्या पूजन किया गया। इस अवसर पर कन्याओं में मां दुर्गा के स्वरूप का दर्शन करते हुए विधि-विधान से उनके चरण पखारे तथा पूजा-अर्चना कर विश्व शांति, सुख-समृद्धि और जनकल्याण की मंगल कामना की गई। कन्याओं को उनकी रुचि के अनुसार विभिन्न खाद्य सामग्री का भोग अर्पित कर सुन्दर उपयोगी बैग भैंट कर उनकी शिक्षा में सहयोग के उद्देश्य से अध्ययन सामग्री भेंट की गई।

अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन जोधपुर द्वारा 251 कन्याओं का पूजन रविवार को किया जाएगा। महासम्मेलन के अध्यक्ष अनिल गोयल ने बताया कि पूजन सांयकाल 4 बजे अग्रसेन संस्थान प्रथम पुलिया पर किया जाएगा। जिला महामंत्री सीताराम राठी ने बताया कि पिछड़ी बस्तियों की बच्चियों का पूजन का समाज में सामाजिक समरसता स्थापित करके ऊंच नीच का भेद मिटाने का यह एक प्रयास है।

कोषाध्यक्ष पीडी अग्रवाल ने बताया कि वैश्य महासम्मेलन ने राजकीय उच्च प्राथमिक बालिका विद्यालय राजबाग सूरसागर में जिला अध्यक्ष अनिल गोयल के परिवार के सौजन्य से थाली, कटोरी, गिलास चम्मच के 80 सेट भेंट किए है। वहीं सेवा भारती समिति की ओर से 20वां सामूहिक कन्या पूजन उत्सव 18 अक्टूबर को अशोक उद्यान के सामने स्थित भवानी आदर्श विद्या मंदिर में आयोजित होगा।

अशोक अग्रवाल ने बताया कि देवी रूपी कन्याओं को जोधपुर सहित आसपास के गांवों से बसों के जरिए लाया जाएगा। उन्हें वापस छोडऩे की निशुल्क व्यवस्था भी रहेगी। आयोजन में 51 से ज्यादा भैरूजी रूपी छोटे बालक भी भोज में शामिल होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762680 Articles

Share this story