नगर निकाय चुनाव के लिए वार्डों की लॉटरी कल

WhatsApp Channel Join Now
नगर निकाय चुनाव के लिए वार्डों की लॉटरी कल


जोधपुर, 16 अगस्त (हि.स.)। नगर निकाय चुनावों को लेकर जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। इससे पहले 13 अगस्त को निकाय और पंचायत प्रमुखों की लॉटरी निकाली गई थी। अब 17 अगस्त को जोधपुर जिले के निकायों के वार्डों की लॉटरी निकाली जाएगी। जोधपुर के मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में सुबह 10 बजे से लॉटरी की प्रक्रिया शुरू होगी। इस प्रक्रिया में सबसे पहले निकायों और फिर पंचायती राज संस्थाओं के आरक्षण की लॉटरी निकाली जाएगी। निकायों में सबसे पहले जोधपुर नगर निगम के 100 वार्डों की लॉटरी निकाली जाएगी। इसके बाद जिले के अन्य निकायों के वार्डों की लॉटरी होगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी कलक्टर जोधपुर आलोक रंजन ने बताया कि ऑडिटोरियम मारवाड़ इन्टरनेशनल सेन्टर में 17 अगस्त को नगर निगम जोधपुर के लिए सुबह 10 बजे से 11 बजे तक, नगर पालिका बिलाड़ा, पीपाड़ शहर, भोपालगढ़, बालेसर सत्ता, मथानिया, तिवंरी के लिए प्रात: 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक, जिला परिषद सदस्य के लिए दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक, पंचायत समिति प्रधान के लिए दोपहर 3 बजे से सांय 4 बजे तक, पंचायत समिति सदस्य के लिए सांय 4 बजे से आरक्षण/लॉटरी निकाली जाएगी। जोधपुर नगर निगम के 100 वार्डों में से 20 वार्ड ओबीसी के लिए रिजर्व रहेंगे। वहीं इस बार शहर में सभी कैटेगरी को मिलाकर कुल 34 महिलाएं पार्षद होंगी। वहीं एससी के कुल 13 वार्ड रिजर्व रखे गए हैं, जबकि एसटी के 2 वार्ड हैं। अनारक्षित कैटेगरी के 65 वार्ड हैं। इनमें 22 अनारक्षित महिला कैटेगरी के हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story