लॉटरी ने पलटा चुनाव का पासा! 14-14 वोटों की बराबरी के बाद निकली पर्ची

WhatsApp Channel Join Now
लॉटरी ने पलटा चुनाव का पासा! 14-14 वोटों की बराबरी के बाद निकली पर्ची


लॉटरी ने पलटा चुनाव का पासा! 14-14 वोटों की बराबरी के बाद निकली पर्ची


लॉटरी ने पलटा चुनाव का पासा! 14-14 वोटों की बराबरी के बाद निकली पर्ची


डूंगरपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। जिला परिषद की सबसे बड़ी कुर्सी पर कब्जे की लड़ाई आखिरकार बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंचकर खत्म हुई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के बीच 14-14 वोटों की बराबरी ने चुनाव को लॉटरी तक पहुंचा दिया। मतों की बराबरी के बाद निर्वाचन आयोग के निर्धारित नियमों के तहत लॉटरी प्रक्रिया अपनाई गई। किस्मत ने बीएपी का साथ दिया और पर्ची में नाम निकलते ही अनुतोष रोत डूंगरपुर के नए जिला प्रमुख निर्वाचित हो गए। भाजपा प्रत्याशी कांतिलाल डामोर को हार का सामना करना पड़ा। परिणाम घोषित होते ही कलेक्ट्रेट के बाहर बीएपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया।

बुधवार को पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद के ईडीपी सभागार में जिला प्रमुख पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी देशलदान की अध्यक्षता और उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र रेगर की मौजूदगी में चुनाव कराया गया। जिला परिषद की कुल 37 सीटों में भाजपा और बीएपी के पास 14-14 सदस्य हैं, जबकि कांग्रेस के 9 सदस्य हैं। कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारा और उसके सभी 9 निर्वाचित सदस्य मतदान प्रक्रिया से दूर रहे। ऐसे में मुकाबला दोनों दलों के बीच सिमट गया।

निर्धारित समय में मतदान के बाद मतगणना हुई तो भाजपा प्रत्याशी कांतिलाल डामोर और बीएपी प्रत्याशी अनुतोष रोत दोनों को 14-14 मत मिले। बराबरी के चलते निर्वाचन प्रक्रिया में लॉटरी का सहारा लिया गया। पर्ची खोली गई तो अनुतोष रोत का नाम सामने आया और उन्हें विजयी घोषित कर दिया गया। इस तरह जिस चुनाव में दोनों दलों की ताकत बराबर थी, उसका फैसला एक पर्ची ने कर दिया। परिणाम घोषित होने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी देशलदान ने नवनिर्वाचित जिला प्रमुख अनुतोष रोत को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया तथा उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

चुनाव के दौरान दोनों दलों ने अपने सदस्यों की एकजुटता बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता बरती। बीएपी के सभी 14 निर्वाचित सदस्य मिनी बस से कलेक्ट्रेट पहुंचे। निर्वाचन प्रमाण पत्रों की जांच के बाद उन्हें प्रवेश दिया गया और सभी ने ईडीपी सभागार में मतदान किया। इससे पहले प्रत्याशी अनुतोष रोत ने मतपेटी सीलिंग की प्रक्रिया में भी हिस्सा लिया था। बीएपी सांसद राजकुमार रोत और चौरासी विधायक अनिल कटारा भी कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पटेल से उनकी मुलाकात हुई और दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया। मतदान संपन्न होने के बाद बीएपी के सभी 14 सदस्य वापस बाड़ेबंदी के लिए रवाना हो गए। अब गुरुवार को होने वाले जिला उप प्रमुख चुनाव को लेकर भी पार्टी की तैयारियां जारी हैं।

जीत के बाद नवनिर्वाचित जिला प्रमुख अनुतोष रोत ने मीडिया से बातचीत में इसे जिले की जनता, कार्यकर्ताओं और वर्षों के संघर्ष का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि भले ही परिणाम लॉटरी से आया हो, लेकिन इसके पीछे वर्षों की मेहनत, सच बोलने और आदिवासी परिवारों के लिए किए गए कार्यों का योगदान है। उन्होंने गरीब तबके, बुद्धिजीवियों, जनप्रतिनिधियों और पर्दे के पीछे रहकर सहयोग करने वाले लोगों का आभार जताया। साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और विपरीत परिस्थितियों में बनाए रखे गए हौसले की सराहना की। शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रशासन का भी धन्यवाद किया।

कांग्रेस के सभी 9 सदस्यों के मतदान में शामिल नहीं होने पर अनुतोष रोत ने नाराजगी जताई। उन्होंने मतदान से दूरी बनाने के फैसले को लोकतंत्र की हत्या करार देते हुए इसकी आलोचना की। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस मतदान में हिस्सा लेती तो वे उसके प्रति भी सकारात्मक बात रखते। उन्होंने आने वाले समय में ऐसे राजनीतिक रवैये का जवाब देने की बात भी कही।

जिला प्रमुख की जिम्मेदारी संभालने के बाद अनुतोष रोत ने जिले के विकास को लेकर सभी विभागों, अधिकारियों और कर्मचारियों से मिलकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से जिले और प्रदेश के लिए बेहतर दिशा और दशा तय करने की जरूरत है।

अब जिला प्रमुख का चुनाव संपन्न होने के बाद राजनीतिक निगाहें 26 नवंबर को होने वाले जिला उप प्रमुख के निर्वाचन पर टिक गई हैं। जिला प्रमुख की कुर्सी पर बीएपी ने लॉटरी के जरिए बाजी मार ली है, अब देखना होगा कि उप प्रमुख के चुनाव में राजनीतिक समीकरण क्या नया मोड़ लेते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783254 Articles

Share this story