भगवान परशुराम जन्मोत्सव: पूजा-अर्चना और सेवा कार्यों के साथ मनाया गया पर्व

WhatsApp Channel Join Now
भगवान परशुराम जन्मोत्सव: पूजा-अर्चना और सेवा कार्यों के साथ मनाया गया पर्व


जयपुर, 19 अप्रैल (हि.स.)। भगवान परशुराम जन्मोत्सव रविवार को राजधानी में श्रद्धा, उत्साह और सेवा कार्यों के साथ मनाया गया। विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों ने पूजन-अर्चना के साथ जनसेवा के कार्यक्रम आयोजित कर पर्व को खास बनाया।

राजस्थान ब्राह्मण महासभा की विभिन्न इकाइयों ने शहर में कई आयोजन किए। रामगढ़ मोड़ इकाई द्वारा आमेर रोड स्थित कादंबरी माता मंदिर गुर्जर घाटी जयपुर में विधिवत पूजा और महाआरती हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। वहीं आगरा रोड–गोनेर रोड इकाई ने प्रेमनगर पुलिया सर्विस रोड पर राहगीरों को शर्बत वितरित कर सेवा कार्य किया। हीरापुरा इकाई ने हीरानगर स्थित कार्यालय में जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया, जिसमें समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इधर सांगानेर क्षेत्र में कांग्रेस नेता पुष्पेंद्र भारद्वाज एवं युवा नेता कार्तिकेय भारद्वाज ने कार्यकर्ताओं के साथ जनसेवा कार्यालय में भगवान परशुराम जी की महाआरती की। इस अवसर पर परशुराम जी के जीवन आदर्शों और अन्याय के विरोध के संदेश पर प्रकाश डाला गया।

महासभा पदाधिकारियों ने बताया कि इन आयोजनों का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ समाज सेवा को बढ़ावा देना है। साथ ही 23 अप्रैल को जलेब चौक से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story