कायस्थ समाज ने धूमधाम से मनाई भगवान चित्रगुप्त की जयंती

WhatsApp Channel Join Now
कायस्थ समाज ने धूमधाम से मनाई भगवान चित्रगुप्त की जयंती


शोभायात्राएं निकाली, कलम-दवात की पूजा कर प्रसाद के रूप में किए वितरित

जोधपुर, 12 नवम्बर (हि.स.)। कायस्थ समाज के आराध्य देव भगवान चित्रगुप्त की जयंती बुधवार को शहर में भाई दूज के अवसर पर धूमधाम से मनाई गई। इस उपलक्ष्य में समाज की तरफ से शोभायात्राएं निकाली गई। शोभायात्राओं में सामाजिक जागरूकता एवं जनहित के विभिन्न संदेशों पर आधारित आकर्षक झांकियां शामिल हुई।

चौपासनी कायस्थ समाज विकास संस्थान की ओर से भाई दूज पर भगवान चित्रगुप्त की 21वीं शोभायात्रा निकाली गई। सुबह गुरु प्रकाशानंद महाराज के मुख्य आतिथ्य में चौपासनी हाउसिंग बोर्ड 17 सेक्टर स्थित कायस्थ सामुदायिक भवन में समाज के सैकड़ों लोगों ने भगवान चित्रगुप्त की आरती कर 2101कलम-दवात की पूजा की। बाद में उन कलम का प्रसादी के रूप में वितरण किया। पूजा के बाद अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया। शोभायात्रा विभिन्न सेक्टरों से होते हुए दोपहर में वापस कायस्थ सामुदायिक भवन आकर विसर्जित हुई। उसके बाद यहां पर पूरे समाज के लिए महाप्रसादी का आयोजन किया गया। शोभायात्रा में ट्रैक्टरों में समाज के 55 बच्चों ने शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण, सरस्वती, काला गोरा भैरव, फौजी, नवदूर्गा, शिवाजी, रामदेव सहित अनेक झांकी बने। शोभायात्रा का कायस्थ बंधुओं ने पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाज की मातृ शक्ति भी शामिल हुईं।

वहीं कायस्थ कल्याण समिति की तरफ से भी शोभायात्रा निकाली गई। समिति अध्यक्ष डॉ. पीयूष सक्सेना ने बताया कि कुड़ी भगतासनी स्थित सेक्टर-2 से शोभायात्रा रवाना होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए सरस्वती नगर पहुंची। यहां समाजबंधुओं की ओर से सामूहिक रूप से कलम-दवात पूजन किया गया। समिति सचिव अजय अस्थाना ने बताया कि शोभायात्रा का मार्ग में विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों एवं समाजबंधुओं की ओर से स्वागत किया गया। उन्होंने बताया कि समिति की ओर से दीपावली स्नेह मिलन समारोह का आयोजन 15 नवंबर को किया जाएगा, जिसमें समाज के लोगों की सहभागिता रहेगी।

भाई दूज के अवसर पर चित्रगुप्त कायस्थ समाज सेवा संस्थान प्रताप नगर के तत्वावधान में भगवान चित्रगुप्त की जयंती के अवसर पर दवात पूजन का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर महेश चंद, शांतिचंद, राजकुमार, दिनेश माथुर, राजेश माथुर, केदार लाल माथुर, राकेश माथुर, भानु माथुर, राकेश माथुर, मनोज माथुर, दिनेश माथुर, उमेश माथुर इत्यादि उपस्थित रहे। इस दौरान प्रसाद के तौर पर सभी को कलम वितरित किए गए

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775332 Articles

Share this story