लोकसभा-विधानसभा में गद्दारी करने वालों को टिकट नहीं मिलेगा : खाचरियावास

WhatsApp Channel Join Now
लोकसभा-विधानसभा में गद्दारी करने वालों को टिकट नहीं मिलेगा : खाचरियावास


जयपुर, 02 अगस्त (हि.स.)। आगामी नगर निगम एवं पंचायत राज चुनावों की तैयारियों को लेकर रविवार को सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र में पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास की अध्यक्षता में कार्यकर्ता सभा एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभा को संबोधित करते हुए खाचरियावास ने कार्यकर्ताओं से वार्ड, बूथ और भाग संख्या स्तर पर संगठन को मजबूत करने, आमजन की समस्याओं को सुनने तथा कांग्रेस की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने नगर निकाय और पंचायत राज चुनावों की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है और जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी नगर निकाय एवं पंचायत राज चुनावों में कांग्रेस बेहतर प्रदर्शन कर बोर्ड बनाएगी।

खाचरियावास ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों में पार्टी के साथ नहीं रहने वाले तथा बाद में कांग्रेस में शामिल हुए लोगों को तत्काल टिकट नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कठिन समय में पार्टी के साथ खड़े रहने वाले कार्यकर्ताओं की निष्ठा और मेहनत का सम्मान किया जाएगा तथा नए लोगों को अपनी प्रतिबद्धता साबित करने के लिए समय देना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस पूरी मजबूती से चुनाव लड़ेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सरकार कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय या उत्पीड़न करेगी तो वे स्वयं उनके साथ खड़े रहेंगे।

अपने संबोधन के दौरान खाचरियावास ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डरने की आवश्यकता नहीं है और पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी भी कार्यकर्ता पर अत्याचार बर्दाश्त नहीं करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story