ऑटोमाइज्ड तुलाई काटों का लाइव परीक्षण शुरु, यूजर फ्रैण्डली मोबाइल एप्प भी जल्द ही होगा जारी

WhatsApp Channel Join Now
ऑटोमाइज्ड तुलाई काटों का लाइव परीक्षण शुरु, यूजर फ्रैण्डली मोबाइल एप्प भी जल्द ही होगा जारी


जयपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। राज्य में खनन क्षेत्र के ऑटोमाइज्ड अधीकृत तुलाई कांटों का बुधवार से लाइव परीक्षण शुरु कर दिया गया है। अतिरिक्त मुख्य सचिव खान एवं पेट्रोलियम अपर्णा अरोड़ा ने जयपुर के उगरियावास में एडप्ट इंफ्रा के तुलाई कांटे से औपचारिक लाइव परीक्षण शुरु करते हुए ऑटोमाइज्ड व्यवस्था की विस्तार से जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा खान धारकों और विभागीय उपयोग के लिए ऑटोमाइज्ड अधीकृत तुलाई कांटों के लिए मोबाइल एप्प भी जल्द ही जारी किया जाएगा। उन्होंने अधीक्षण खनि अभियंता, खनि अभियंता और सहायक खनि अभियंताओं से फील्ड में दौरा कर मोनेटरिंग, खानधारकों से समन्वय और फीड बैक के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री व खान मंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में खान विभाग पारदर्शी और पेपरलेस व्यवस्था लागू करने के लिए चरणवद्ध तरीके से आगे बढ़ रहा है। तुलाई कांटों का ऑटोमाइजेशन पारदर्शिता के साथ ही खनिज लीजधारकों के लिए सुविधाजनक होने के साथ ही लीजधारकों और विभाग के बीच बेहतर मोनेटरिंग व्यवस्था विकसित करने में सहायक सिद्ध होगी। नई व्यवस्था के दौरान 10 हजार ई-रवन्ना जारी हो चुके हैं।

अरोड़ा ने बताया कि पहले चरण के 309 तुलाई कांटों में से 130 तुलाई कांटों पर लाइव परीक्षण शुरु कर दिया गया है, शेष 179 तुलाई कांटों का 20 अप्रेल तक लाइव परीक्षण शुरु कर दिया जाएगा। उन्होंने लीजधारकों से भी आगे आकर तुलाई कांटों के ऑटोमाइज्ड व्यवस्था से जुड़ने का आग्रह किया है।

उन्होंने एडप्ट इंफ्रा के लीजधारक हरि सिंह चौधरी व गौरव खंडेलवाल सहित उपस्थित लीजधारकों से फीडबेक लिया और आईटी टीम के आवश्यक निर्देश दिए।

अतिरिक्त निदेशक मुख्यालय श्री महेश माथुर ने बताया कि दूसरे चरण में 1019 तुलाई कांटों को ऑटोमाइज्ड करना तय किया है। विभाग के फील्ड अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी बनाकर स्थानीय स्तर पर समन्वय और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।

जयपुर अधीक्षण खनि अभियंता एनएस शक्तावत ने बताया कि तुलाई कांटों के ऑटोमाइजेशन और वीटीएस व्यवस्था से खनन क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आएगा।

इस अवसर पर एसीएस अरोड़ा ने फील्ड से ही वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से खान निदेशक महावीर प्रसाद मीणा व सभी अधीक्षण खनि अभियंताओं सहित फील्ड अधिकारियों से संवाद कायम किया और आवश्यक निर्देश दिए।

खान निदेशक महावीर प्रसाद मीणा ने बताया कि तय टाइमलाईन के अनुसार क्रियान्विति के लिए प्रभावी मोनेटरिंग की जाएगा।

इस अवसर पर अतिरिक्त निदेशक महेश माथुर, अतिरिक्त निदेशक आईटी शीतल अग्रवाल, एसएमई जयपुर एनएस शक्तावत, एसएमई विजिलेंस प्रताप मीणा, खनि अभियंता जयपुर श्याम कापड़ी, एएमई सुभाष डांगी, विभागीय अधिकारी व खनन क्षेत्र के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story